
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बेनिन में तख्तापलट की...
बेनिन में तख्तापलट की LIVE घोषणा, सेना ने सत्ता पर कब्जे का दावा; सरकार ने कहा- विद्रोह नाकाम

पश्चिमी अफ्रीकी देश बेनिन में रविवार को एक बड़ा राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला, जहां कुछ सैन्य अधिकारियों ने राष्ट्रीय टेलीविजन चैनल पर आकर तख्तापलट की घोषणा कर दी। सैनिकों के इस समूह ने लाइव प्रसारण में दावा किया कि उन्होंने सरकार को बर्खास्त कर देश की सत्ता अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने खुद को 'सैन्य पुनर्वास समिति' का सदस्य बताया और यह तक कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल पास्कल तिगरी इस नए सैन्य प्रशासन के अध्यक्ष होंगे। इस घोषणा ने पूरे देश में तनाव और असमंजस का माहौल पैदा कर दिया।
हालांकि, सरकार ने तुरंत मोर्चा संभाला और कुछ ही समय बाद इस दावे को झूठा बताते हुए कहा कि तख्तापलट का प्रयास विफल कर दिया गया है। बेनिन के गृह मंत्री अलासाने सेइदो ने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं और उन्होंने इस विद्रोह को कुचल दिया है। उन्होंने फेसबुक लाइव के माध्यम से कहा कि राज्य और उसकी संस्थानों को अस्थिर करने की कोशिश को सफल नहीं होने दिया गया। गृह मंत्री के बयान के बाद सरकारी टेलीविजन और रेडियो चैनलों के सिग्नल थोड़ी देर के लिए बंद कर दिए गए और फिर दोबारा बहाल किए गए।
रविवार सुबह जो स्थिति बनी, वह अचानक और अप्रत्याशित थी। सरकारी प्रसारण के दौरान कुछ सैनिकों ने सत्ता पर कब्जा करने का दावा किया और राष्ट्रपति तथा अन्य संस्थाओं को बर्खास्त करने की बात कही। इसके बाद बेनिन में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, राजधानी पोर्टो-नोवो में राष्ट्रपति आवास के नजदीक स्थित 'कैंप गेजो' सैन्य अड्डे के आसपास गोलीबारी की भी सूचना मिली, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी इस घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। पश्चिम अफ्रीकी देशों के आर्थिक समुदाय (ECOWAS) और अफ्रीकी संघ ने कहा कि स्थिति चिंताजनक है और वे बेनिन में हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। वहीं, बेनिन में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि वह स्थिति का मूल्यांकन कर रहा है और तख्तापलट की खबरों को अभी अपुष्ट मानता है।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब बेनिन के राष्ट्रपति पैट्रिस टैलोन आने वाले महीनों में सत्ता छोड़ने वाले हैं। इस घटना ने देश में लोकतंत्र की स्थिरता और शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेनिन, जो कभी पश्चिम अफ्रीका में राजनीतिक स्थिरता का उदाहरण माना जाता था, अब अचानक सैन्य विद्रोह की खबरों के चलते अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आ गया है।
हालांकि सरकार ने फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताकर लोगों को आश्वस्त किया है, लेकिन इस तख्तापलट के प्रयास ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाला समय बेनिन के लिए राजनीतिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। देश में लोकतंत्र की मजबूती और सैन्य दखल पर रोक लगाने के लिए सरकार को और कड़े कदम उठाने पड़ सकते हैं।




