
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- आगरा में गहराया LPG...
आगरा में गहराया LPG संकट, गैस बुकिंग सिस्टम फेल, घरेलू सिलिंडर बिके 1900 रुपये में...

आगरा। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच के जंग का आज 19वां दिन है। इसका असर पूरे देश पर हो रहा है। वहीं, रसोई गैस की किल्लत का मामला बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति ठप होने का सीधा फायदा मुनाफाखोरों करने वालों को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, बाजार में 923 रुपये की कीमत वाला घरेलू सिलिंडर ब्लैक में 1700 से 1900 रुपये तक में बेचा जा रहा है। सबसे अधिक परेशानी पेठा उद्योग, डेयरी संचालक और कैटरर्स उठा रहे हैं, जो मजबूरी में दो से तीन गुनी कीमत चुका रहे हैं।
हलवाई ने दी जानकारी
हलवाई ने जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू सिलिंडर के लिए 1700 से 1900 रुपये मांग रहे हैं। सप्ताह में 5 से 7 सिलिंडर भट्ठियों के लिए चाहिए। काम बंद पड़ा है। रोटी खाने के लिए ब्लैक में भी लोगों को सिलिंडर लेना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर एलपीजी ऑनलाइन बुकिंग के लिए आईवीआरएस और मोबाइल एप भी काम नहीं कर रहे हैं। हॉकर और बिचौलिए सर्वर डाउन होने का फायदा उठा रहे हैं। केवाईसी के अभाव में ओटीपी नहीं आता, जिससे ग्राहकों को गैस नहीं मिल रही है। जबकि ब्लैक में आराम से बुकिंग का काम चल रहा है।
सुबह से गोदामों पर लगी कतार
दरअसल बिचपुरी सड़क स्थित ओम फैक्टरी के सामने तीन एजेंसियों के गोदाम हैं। सुबह से ही लोग सिलिंडर लेने के लिए कतार में लगे रहते हैं। गैस गोदाम पर एक उपभोक्ता ने कहा कि पांच दिन से चक्कर काट रहा हूं, लेकिन गैस नहीं मिल रहा है। घर में दो दिन से चूल्हा नहीं जला है।
ओटीपी में आई तकनीकी खराबी
तेल कंपनियों ने सुरक्षा के लिए ओटीपी अनिवार्य किया है, लेकिन खराब सर्वर की वजह से मोबाइल पर मैसेज ही नहीं आ रहे हैं। ओटीपी के बिना सिलिंडर डिलीवरी नहीं की जा रही। इंडेन गैस एजेंसी प्रबंधकों ने दावा किया है कि स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन सर्वर लोड बढ़ने से वितरण प्रभावित हुआ है।
प्राथमिकी दर्ज
वहीं, इस मामले को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और गड़बड़ियां करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। छापेमारी जारी है। हम हॉकर्स की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रख रहे हैं।




