
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Magh Mela: भव्य माघ...
Magh Mela: भव्य माघ मेला कल से शुरू, लोग संगम में लगाएंगे आस्था की डुबकी! जानें कब तक चलेगा मेला

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में माघ माह में हर साल भव्य माघ मेला आयोजित किया जाता है। ये मेला त्रिवेणी संगम के तट पर लगता है। माघ मेला आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम है। दरअसल, हिंदू पंचांग में माघ का माह अत्यंत पावन और पुण्यदायी माना गया है। मान्यता है कि जो इस माह में स्नान-दान, जप और तप करता है, उसको विशेष अध्यात्मिक फल प्राप्त होता है।
03 जनवरी से शुरू हो रहा माघ मेला
मेले में देश-विदेश से लाखों लोग, साधु संत व कल्पवासी आते हैं और संगम में डुबकी लगाते हैं। हिंदू धार्मिक मान्यता है कि माघ माह में जो भी संगम में डुबकी लगाता है, उसको अक्षय पुण्य प्राप्त होता है। पाप नष्ट हो जाते हैं। आत्मिक शुद्धि हो जाती है। माघ मेला कल यानी 03 जनवरी से शुरू हो रहा है। ये मेला 15 फरवरी तक चलेगा।
श्रद्धालुओं को ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र डुबकी लगाने की दी जाती है सलाह
शास्त्रों में पूरा माघ का महीना स्नान-दान के लिए शुभ माना गया है, लेकिन माघ मेले में कुछ विशेष स्नान की तिथियां होती हैं। इनका धार्मिक और अध्यात्मिक महत्व बहुत अधिक होता है। इस साल माघ मेले में छह प्रमुख स्नान पर्व होंगे। हिंदू धर्म शास्त्रों में बताया गया है कि स्नान-दान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए ब्रह्म मुहूर्त सबसे सर्वश्रेष्ठ होता है। ब्रह्म मुहूर्त का समय सुबह 04 बजे से 05 बजकर 30 मिनट तक माना जाता है। मान्यता है कि माघ मेले में इस समय में जो भी संगम में जाकर डुबकी लगाता है, वो कई गुना फल प्राप्त करता है। यही कारण है कि श्रद्धालुओं को माघ मेले में ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र डुबकी लगाने की सलाह दी जाती है।
ये हैं 6 प्रमुख स्नान
पहला प्रमुख स्नान: पौष पूर्णिमा 3 जनवरी
दूसरा प्रमुख स्नान: मकर संक्रांति 14 जनवरी
तीसरा प्रमुख स्नान: मौनी अमावस्या 18 जनवरी
चौथा प्रमुख स्नान: बसंत पंचमी 23 जनवरी
पांचवां प्रमुख स्नान: माघी पूर्णिमा 1 फरवरी
छठा प्रमुख स्नान: महाशिवरात्रि 15 फरवरी




