Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

Maharashtra: 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुसे, 34 वाहनों में बम लगाए... मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मिली धमकी, पुलिस हुई सतर्क

Anjali Tyagi
5 Sept 2025 1:46 PM IST
Maharashtra: 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुसे, 34 वाहनों में बम लगाए... मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मिली धमकी, पुलिस हुई सतर्क
x
मुंबई पुलिस के मुताबिक, धमकी में 34 गाड़ियों में मानव बम लगाए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा धमकी में 'लश्कर-ए-जिहादी' नाम के संगठन का जिक्र किया गया है।

मुंबई। पूरे देश में जहां गणेश विसर्जन और अन्य त्योहारों का माहौल है। ऐसे में मुंबई ट्रैफिक पुलिस को एक धमकी भरा संदेश मिला है। संदेश में मुंबई में अलग-अलग वाहनों में मानव बम लगाए जाने का दावा किया गया है। संदेश में यह भी लिखा था कि 14 पाकिस्तानी आतंकी देश में घुस आए हैं। धमकी भरा संदेश मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया। गणेशोत्सव और अनंत चतुर्दशी को देखते हुए मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है। संदेश की जांच की जा रहा है।

व्हाट्सएप नंबर से दी गई धमकियां

जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस ने बताया कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकियां मिलीं। धमकी में दावा किया गया कि शहर भर में 34 वाहनों में 34 'मानव बम' लगाए गए हैं। इसके विस्फोट से पूरी मुंबई दहल जाएगी। 'लश्कर-ए-जिहादी' होने का दावा करने वाले इस संगठन ने दावा किया कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं। धमकी भरे संदेश में आगे कहा गया कि विस्फोट में 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। मुंबई पुलिस सतर्क है और पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धमकी के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

बम निरोधक दस्ते तैनात

पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वॉड को तैनात किया है। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है, साथ ही यह आश्वासन दिया है कि स्थिति नियंत्रण में है।

मुंबईवासियों से की गई अपील

इस घटना के बाद मुंबईवासियों से अपील की गई है कि वे संदिग्ध वस्तुओं या गतिविधियों के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करें। सुरक्षा एजेंसियां भी सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बढ़ा रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Next Story