
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- मैनपुरी: पत्नी की...
मैनपुरी: पत्नी की मूर्ति बनने का दावा, 5 साल में कई बार मर चुकी पत्नी, दर्शन के लिए भीड़ हुई एकत्रित, जानें क्या है सच

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र से एक अजीबोरगरीब खबर सामने आई है, जो कि अंधविश्वास से जुड़ा मामला साबित होता है। दरअसल थाना क्षेत्र के यादव नगर के निवासी संजीव यादव नाम के व्यक्ति ने दावा किया था कि उसकी पत्नी मिथलेश देवी पिछले 5 सालों में 5 बार मर चुकी है। हर बार दो से तीन दिन के भीतर फिर से जिंदा हो जाती है। संजीव के इस दावे से इलाके में सनसनी फैला गई।
संजीव यादव ने किया दावा
संजीव यादव उर्फ संजय ने काफी चौंकाने वाला दावा किया था। उसने कहा कि 31 जनवरी को उसकी पत्नी मिथलेश देवी की मौत हो गई, जिसके बाद वह घर में बने मंदिर में पत्थर की मूर्ति बन गई है। यह खबर फैलते ही हजारों की संख्या में लोग उस मूर्ति के दर्शन के लिए पहुंचने लगे।
पति और बेटा दोनों हुए गायब
महिला के घर में मिलने के बाद उसका पति संजीव और बेटा नितिन रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। इससे इलाके में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में लोग दोबारा महिला के घर पहुंचने लगे। बढ़ती भीड़ देखकर पुलिस ने घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात कर दिए। लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से अपील की गई कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें।
पुलिस ने भीड़ को किया नियंत्रित
हालात को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करते हुए लोगों को भ्रामक जानकारी और अंधविश्वास से दूर रहने की हिदायत दी। हालांकि रहस्य तब और गहरा गया, जब महिला मिथलेश देवी अपने ही घर के अंदर जीवित हालत में मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है। महिला के पति संजीव यादव और बेटे नितिन की तलाश जारी है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं दबी जुबान से कुछ लोगों का कहना है कि संजीव यादव ने फर्जी तरीके से अपनी पत्नी को मरा दर्शाया है। इसके बाद उसके पत्थर की मूर्ति बनने का दावा किया, जिससे पूजा-पाठ से चढ़ावे का धंधा बन जाए।




