
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- यूपी के औरेया में बड़ा...
यूपी के औरेया में बड़ा हादसा, नहर में गिरी कार, तीन लोगों की डूबने से मौत...

औरैया। यूपी के औरैया जिले के अछल्दा थाना इलाके के तुरुकपुर गांव के नजदीक निचली गंग नहर में एक कार गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला और दो पुरुषों सहित कुल तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
शादी से लौट रहे थे इटावा
जानकारी के अनुसार, कार सवार महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है। सभी इटावा के भरथना के निवासी थे। यूपी 75 एस 9741 रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार राजीव कुमार गुप्ता की निकली। शादी समारोह में शामिल होकर रात डेढ़ बजे सभी निकले थे।
मौके पर पुलिस पहुंची
सुबह के समय ग्रामीणों ने नहर में एक कार पड़ी देखी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकलवाया। कार के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद हुए। इस दुर्घटना की जानकारी मिलने पर सिंचाई विभाग ने नहर का पानी बंद करवा दिया है। मृतकों की पहचान राजीव कुमार गुप्ता (50), पत्नी मधू गुप्ता (48), शुभम गुप्ता (27) निवासीगण भरथना इटावा के रूप में हुई है।




