Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

सुरों की मल्लिका आशा ताई के निधन पर पीएम समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि!

Aryan
12 April 2026 3:50 PM IST
सुरों की मल्लिका आशा ताई के निधन पर पीएम समेत कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि!
x
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर की हैं।

नई दिल्ली। आज यानी रविवार को आशा ताई के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से लेकर देवेंद्र फडणवीस तक ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी है। दिग्गज नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए संगीत की दुनिया में आशा भोसले के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया है।

पीएम मोदी ने साझा कीं तस्वीरें

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले के साथ अपनी कई तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। दशकों तक फैले उनके असाधारण संगीतमय सफर ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ।

उनके गीत लोगों की जिंदगी में हमेशा गूंजते रहेंगे

पीएम मोदी ने कहा कि वो आशा भोसले के साथ बिताए पलों को मैं हमेशा संजो कर रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनके परिवार, फैंस और संगीत प्रेमियों के लिए मेरी गहरी संवेदना। वो पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत लोगों की जिंदगी में हमेशा गूंजते रहेंगे।

अमित शाह ने कहा आज दुखद दिन

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा लिखा, 'आज हर भारतीय और विशेषकर मेरे जैसे हर संगीत प्रेमी के लिए दुखद दिन है, जब हम सबकी प्रिय आशा भोसले जी हमारे बीच नहीं रहीं।

ममता बनर्जी ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने आशा भोसले के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि महान संगीत प्रतिभा आशा भोसले के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। वो एक इंस्पिरेशनल और मोह लेने वाली गायिका थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया।

देश वासियों के मन में गूंजती रहेगी आवाज- योगी आदित्यनाथ

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संगीत जगत की स्वर-सम्राज्ञी, महान सुर-साधिका, पद्म विभूषण आशा भोसले जी का निधन बहुत दुखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। उनकी अद्वितीय गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां दीं। उनकी मधुर आवाज हमेशा देश वासियों के मन में गूंजती रहेगी। उनकी अद्वितीय गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां दीं। उनकी मधुर आवाज हमेशा देश वासियों के मन में गूंजती रहेगी। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति और शोकाकुल परिजनों और फैंस को ये अपार दुख सहन करने की शक्ति दे।

अद्वितीय गायकी की प्रतिमूर्ति थीं

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले की एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ उन्होंने लिखा कि मधुर आवाज और अद्वितीय गायकी की प्रतिमूर्ति दीदी आशा जी ने दशकों तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी आवाज सिर्फ सुरों का संगम नहीं, बल्कि भावनाओं का ऐसा अनकहा रिश्ता है जिसे शब्दों में बांध पाना मुमकिन नहीं है। मैं सभी के लिए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मां सरस्वती दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।

आशा जी के साथ मेरे पारिवारिक रिश्ते हैं

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी लिखा कि भारतीय संगीत जगत की मशहूर और दिग्गज हस्ती गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार बहुत दुखद है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनके साथ मेरे पारिवारिक रिश्ते रहे हैं।

सीएम देवेंद्र फडणवीस हुए भावुक

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि पद्म विभूषण और महाराष्ट्र भूषण से सम्मानित गायिका आशाताई भोसले के निधन की खबर बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने अभी तीन साल पहले ही अपना 90वां जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया था। उनके निधन के साथ ही, लता दीदी के बाद मंगेशकर परिवार का एक और सितारा टूट गया है। सुरों का वह खूबसूरत चमन आज वीरान हो गया है।

Next Story