
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अमेरिका-ईरान सीजफायर...
अमेरिका-ईरान सीजफायर पर महबूबा मुफ्ती का बड़ा बयान, कहा- पाकिस्तान ने पूरी दुनिया को बचाया...

नई दिल्ली। आज अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष पर दो हफ्तों के लिए विराम लग गया है। यह फैसला पाकिस्तान की मध्यस्थता और राष्ट्रपति ट्रंप की 48 घंटे की समय सीमा के बाद लिया गया। इस युद्ध को रोकने के लिए पाकिस्तान और चीन ने अहम भूमिका निभाई। ऐसे में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। महबूबा मुफ्ती ने कहा हम इस युद्ध में मध्यस्थता में पाकिस्तान की भूमिका को नजरअंदाज नहीं कर सकते, क्योंकि उन्होंने पूरी दुनिया को बचाया है।
क्या बोलीं महबूबा मुफ्ती
अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम को लेकर महबूबा मुफ्ती ने कहा- आज हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है, जैसा कि आप जानते हैं कि ईरान में हजारों लोग मारे गए थे और यह आशंका भी जताई जा रही थी कि हम विश्व युद्ध की ओर बढ़ रहे हैं। मैं ऊपरवाले का शुक्र अदा करती हूं, जिसने ईरान को इजराइल जैसे अपराधियों के खिलाफ खड़े होने का साहस दिया। हम इस युद्ध में मध्यस्थता में पाकिस्तान की भूमिका को नजरअंदाज नहीं कर सकते, क्योंकि उन्होंने पूरी दुनिया को बचाया है। मैं ईरान की इस भूमिका की सराहना करती हूं कि उसने केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
पाकिस्तान ने कराई मध्यस्थता
सीजफायर कराने में पाकिस्तान का अहम रोल रहा। जिसका जिक्र ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर का धन्यवाद दिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मैं ईरान पर बमबारी और हमले को दो सप्ताह की अवधि के लिए स्थगित करने पर सहमत हूं। यह एक द्विपक्षीय युद्धविराम होगा।




