
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Mexico Violence:...
Mexico Violence: मेक्सिको में हिंसा के बीच भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को दी यह सलाह, जानें क्यों बिगड़े हालात

नई दिल्ली। मेक्सिको से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, यहां हिंसा उस समय भड़क उठी, जब सेना के एक अभियान में कुख्यात ड्रग माफिया सरगना नेमेसियो रूबेन ओसेगेरा सर्वांतेस उर्फ एल मेंचो की मौत हो गई। वह जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का प्रमुख था। मेक्सिको में जारी हिंसक झड़पों के बीच भारत ने भी वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मेक्सिको सिटी स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
सड़क अवरोध और आपराधिक गतिविधियां जारी
वहीं दूतावास ने सोशल मीडिया जारी बयान में कहा कि जालिस्को राज्य (पुएर्तो वल्लार्टा, चापाला और ग्वाडलाहारा), तमाउलिपास राज्य (रेनोसा और अन्य नगरपालिकाएं), मिचोआकान, गुएरेरो और नुएवो लियोन राज्यों के कुछ इलाकों में सुरक्षा अभियान, सड़क अवरोध और आपराधिक गतिविधियां जारी हैं। इन क्षेत्रों में मौजूद भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक अपने स्थान पर ही रहने की सलाह दी गई है।
भारतीय नागरिकों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां
भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां भी जारी की हैं। इनमें कानून-प्रवर्तन गतिविधियों वाले इलाकों से दूर रहने, आसपास के माहौल पर नजर रखने, अनावश्यक आवाजाही से बचने, स्थानीय मीडिया से अपडेट लेते रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की बात कही गई है। आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा भीड़ से दूर रहने और अपने परिवार व मित्रों को अपनी स्थिति की जानकारी फोन, संदेश या सोशल मीडिया के जरिए देते रहने को कहा गया है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए भारतीय नागरिक +52 55 4847 7539 नंबर पर भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।
मेक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई
दरअसल, मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार जालिस्को में हुई मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और मेक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, CJNG मेक्सिको के सबसे आक्रामक और ताकतवर कार्टेल्स में से एक माना जाता है, जो सेना पर हमलों के लिए भी कुख्यात रहा है। अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के अनुसार CJNG को सिनालोआ कार्टेल के बराबर प्रभावशाली माना जाता है और इसका नेटवर्क अमेरिका के सभी 50 राज्यों तक फैला हुआ है।




