Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

फूल वाली नहीं फिल्मी हिरोइन बनकर प्रयागराज पहुंचेगी मोनालिसा, जल्द ही सिल्वर स्क्रीन पर दिखेगी

Shilpi Narayan
4 Feb 2026 6:30 PM IST
फूल वाली नहीं फिल्मी हिरोइन बनकर प्रयागराज पहुंचेगी मोनालिसा, जल्द ही सिल्वर स्क्रीन पर दिखेगी
x

मुंबई। महाकुंभ 2025 में माला बेचते हुए मोनालिसा सादगी और खूबसूरती ने लोगों का ध्यान खींचा और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए। अब मोनालिसा की किस्मत चमक गई है। जहां पहले मोनालिसा के कई एल्बम आए थे। जिसे फैंस ने दिलखोल कर प्यार दिया था तो वहीं अब मोनालिसा की फिल्म भी जल्द भी दस्तक देने वाली है।

सनोज मिश्रा की नजर मोनालिसा पर पड़ी

दरअसल, महाकुंभ के दौरान फिल्ममेकर सनोज मिश्रा की नजर मोनालिसा पर पड़ी। उनकी सादगी और मासूमियत ने डायरेक्टर को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने मोनालिसा को अपनी फिल्म में कास्ट करने का फैसला कर लिया। यहीं से मोनालिसा का सफर मेले से फिल्मों की दुनिया की ओर बढ़ा। अब मोनालिसा अपनी पहली बड़ी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं। इस फिल्म में वह अभिनेता अमित राव के साथ नजर आएंगी, जो राजकुमार राव के भाई हैं। फिल्म के पूरा होने के साथ ही मोनालिसा का आत्मविश्वास भी साफ तौर पर झलकने लगा है।

मोनालिसा एक बार फिर जाएगी प्रयागराज

महाकुंभ के लगभग एक साल बाद मोनालिसा एक बार फिर प्रयागराज लौट रही हैं। इस बार वह माघ मेले में माला बेचने के लिए नहीं, बल्कि एक उभरती हुई बॉलीवुड अभिनेत्री के रूप में पहुंचेंगी। उनके लिए यह वापसी भावनात्मक भी है और ऐतिहासिक भी। सनोज मिश्रा, जो ‘गांधीगीरी’ और ‘शशांक’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, अब अपनी पूरी टीम के साथ माघ मेले में शामिल होने जा रहे हैं।

मां गंगा का आशीर्वाद लेने प्रयागराज पहुंचेगी टीम

फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद टीम मां गंगा का आशीर्वाद लेने प्रयागराज पहुंचेगी, जिससे इस सफर को एक आध्यात्मिक पूर्णता मिलेगी। डायरेक्टर के मुताबिक, ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग कई चरणों में पूरी की गई। पहले शेड्यूल की शूटिंग उत्तर प्रदेश के इटावा में हुई, फिर टीम मणिपुर पहुंची, जहां अलग-अलग लोकेशन्स पर अहम सीन फिल्माए गए। इसके बाद नेपाल में एक शेड्यूल पूरा किया गया और फिल्म का बड़ा हिस्सा देहरादून में शूट हुआ। पिछले हफ्ते फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली गई।

भाषा बनी चुनौती, डबिंग का सहारा

डायरेक्टर ने बताया कि मोनालिसा को अभी भी भाषा और उच्चारण में दिक्कत आती है। इसी वजह से फिल्म में उनके किरदार के लिए डबिंग का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि इसके बावजूद उनकी एक्टिंग को लेकर डायरेक्टर बेहद संतुष्ट हैं और मानते हैं कि वह पूरी तरह से अपने रोल में ढल चुकी हैं। फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ मणिपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें हिंसा और संघर्ष के माहौल के बीच पनपती एक प्रेम कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में मोनालिसा एक नॉर्थ इंडियन लड़की का किरदार निभा रही हैं।

Next Story