Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

नालंदा भगदड़ कांड: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का किया ऐलान, पीएम कोष से घायलों को मिलेंगे 50,000 रुपये

Anjali Tyagi
31 March 2026 4:48 PM IST
नालंदा भगदड़ कांड: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का किया ऐलान, पीएम कोष से घायलों को मिलेंगे 50,000 रुपये
x

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले से आज एक दुखद खबर सामने आई थी। शीतला मंदिर में चैत्र माह के आखिरी मंगलवार को पूजा के दौरान भगदड़ मच गई। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। ऐसे में सीएम नीतीश कुमार ने इस घटना पर दुख जताया है। साथ ही साथ मृतकों के परिवारों को मुआवजे का ऐलान किया है, उनके अलावा पीएम मोदी ने भी इस पूरे मामले पर शोक व्यक्त किया था।

नीतीश कुमार ने जताया दुख

सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि- नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना है। मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं। घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ तथा उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

पीएम ने भी जताया दुख

PMO ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी के हवाले से बताया कि नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इसके अलावा पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाने का ऐलान किया गया है।

अफवाह से मची थी भगदड़

जानकारी के मुताबिक किसी बात को लेकर अचानक अफवाह फैली और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

एसपी ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड

सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही की बात सामने आने के बाद दीपनगर थाने के थानाध्यक्ष राजमणि को एसपी भारत सोनी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था चौकीदार के भरोसे छोड़ दी गई थी, जिसके कारण भीड़ अनियंत्रित हो गई और समय पर बड़े अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़ मामले में एसपी भारत सोनी ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की ओर से भीड़ जुटने और सुरक्षा को लेकर कोई अतिरिक्त बल की मांग नहीं की गई थी।


Next Story