Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

NCRTC: सांता ने ग्रीन परिवहन का ब्रांड एम्बेसडर बन अनोखे अंदाज में लोगों को इस तरह से किया जागरूक

Aryan
25 Dec 2025 8:30 PM IST
NCRTC: सांता ने ग्रीन परिवहन का ब्रांड एम्बेसडर बन अनोखे अंदाज में लोगों को इस तरह से किया जागरूक
x
एनसीआरटीसी के ‘सांता’ ने की पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील


नई दिल्ली। एनसीआरटीसी ने क्रिसमस के अवसर पर दिल्ली–एनसीआर में प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बीच जन-जागरूकता से जुड़ा विशेष अभियान नमो भारत के साथ एक ग्रीन क्रिसमस का आयोजन किया। इस अनूठे अभियान के तहत सांता क्लॉज को स्वच्छ मोबिलिटी का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया, जिन्होंने एक अनोखे और रोचक अंदाज में लोगों को पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दिया।

इस अभियान का मकसद पर्यावरण और परिवहन संरक्षण को बढ़ावा देना है

इस दो दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत 24 दिसंबर, बुधवार से की गई। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और नमो भारत के यात्रियों का आभार व्यक्त करना था, जो नमो भारत जैसे स्वच्छ, तेज और आधुनिक परिवहन साधन को अपनी यात्रा का माध्यम बना कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे रहे है।

क्रिसमस के अवसर नमो भारत स्टेशनों को सजाया गया

क्रिसमस के अवसर पर आनंद विहार और गाजियाबाद नमो भारत स्टेशनों को विशेष रूप से सजाया गया। स्टेशनों पर आकर्षक क्रिसमस ट्री लगाए गए, जिससे पूरे परिसर में उत्सव और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस पहल को लेकर यात्रियों और विशेषकर बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लोगों ने स्टेशनों और नमो भारत में जमकर तस्वीरें लीं और सांता क्लॉज के साथ सेल्फी खिंचवाई। यात्रियों की मुस्कान, बच्चों की हंसी और उत्सव की खुशियों ने नमो भारत की यात्रा को बेहद खास बना दिया।

अभियान के दौरान एनसीआरटीसी के ‘सांता’ ने नमो भारत ट्रेनों के भीतर यात्रा की और यात्रियों से सीधे संवाद किया। सांता क्लॉज ने ट्रेन के भीतर यात्रा कर रहे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए धन्यवाद कहा और उन्हें चॉकलेट्स वितरित की। यात्रियों को यह संदेश दिया गया कि निजी वाहनों के बजाय नमो भारत जैसे सार्वजनिक परिवहन का चयन करके वे न केवल अपनी यात्रा को सुविधाजनक बना रहे हैं, बल्कि वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान दे रहे हैं।

इसके साथ ही यह जागरूकता अभियान स्टेशनों तक सीमित न रहते हुए सड़कों तक भी पहुंचा। सांता क्लॉज़ ने आनंद विहार, ग़ाज़ियाबाद, साहिबाबाद और मुरादनगर सहित विभिन्न स्थानों पर प्रमुख सड़कों और चौराहों पर कार और बाइक से यात्रा कर रहे लोगों से संवाद किया। इस दौरान वाहन चालकों को चॉकलेट्स के साथ एक स्नेहपूर्ण संदेश दिया गया कि वे भी सार्वजनिक परिवहन अपनाकर वायु प्रदूषण कम करने में योगदान दे सकते हैं। इस अपील के माध्यम लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को अपनी दैनिक यात्रा का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

गौरतलब है कि यह विशेष जागरूकता अभियान नमो भारत के स्टेशनों, ट्रेनों और सड़कों पर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना। मनोरंजन और उत्सव के माध्यम से दिए गए संदेशों ने लोगों को काफी प्रभावित किया और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रभावशाली संवाद कायम किया। इस अभियान में एनसीआरटीसी के संचालन भागीदार डीबी आरआरटीएस ऑपरेशंस इंडिया की भी सक्रिय भागीदारी रही। एनसीआरटीसी का यह क्रिसमस अभियान न केवल उत्सव की खुशियां साझा करने का माध्यम बना, बल्कि दिल्ली–एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छ मोबिलिटी को लेकर एक मजबूत, सकारात्मक और प्रेरक संदेश देने में भी सफल रहा।

Next Story