Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख ने दी मानद उपाधि

Aryan
22 Oct 2025 3:26 PM IST
नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख ने दी मानद उपाधि
x
रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा के देशभक्ति और उत्कृष्टता की जमकर सराहना की।

नई दिल्ली। भाला फेंकने वाले ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि प्रदान की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज यानी 22 अक्टूबर को साउथ ब्लॉक में आयोजित पिपिंग समारोह के दौरान नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद का प्रतीक चिन्ह औपचारिक रूप से प्रदान किया। रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा के देशभक्ति और उत्कृष्टता की जमकर सराहना की।

नीरज ने फिर पाई बड़ी उपलब्धि

भारत के राजपत्र के अनुसार, यह नियुक्ति 16 अप्रैल से प्रभावी हुई। नीरज 26 अगस्त 2016 को नायब सूबेदार के पद पर जूनियर कमीशंड अधिकारी के रूप में भारतीय सेना में शामिल हुए। दो साल बाद, एथलेटिक्स में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया और फिर 2021 में खेल के क्षेत्र में उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से भी किया गया सम्मानित

नीरज को 2021 में सूबेदार के पद पर भी पदोन्नत किया गया। टोक्यो 2020 ओलंपिक में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बाद 27 साल के भारतीय एथलीट को 2022 में भारतीय सेना द्वारा परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया। उन्हें 2022 में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया और उसी साल भारतीय भाला फेंक के इस दिग्गज को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया।

वर्ल्ड चैंपियनशिप में मिली थी निराशा

हालांकि, नीरज चोपड़ा हाल ही में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाला फेंक में अपना खिताब बचाने में नाकाम रहे थे। वो 84.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ आठवें स्थान पर रहे। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आठवां स्थान हासिल करने के बाद नीरज चोपड़ा ने अपने निराशाजनक प्रदर्शन पर कहा कि उन्हें पीठ में कुछ समस्या है, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि आखिरकार यही जीवन और खेल है।


Next Story