
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नीतीश कुमार ही चलाएंगे...
नीतीश कुमार ही चलाएंगे बिहार... जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का बड़ा दावा

पटना। बिहार के सियासत में उथल-पुथल के बीच कल नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जदयू में शामिल हो रहे हैं। वहीं नीतीश कुमार अब राज्यसभा जा रहे हैं जिसके बाद से ही पार्टी में नीतीश की भूमिका पर सवाल उठ रहा है। साथ ही खबर आ रही है कि निशांत पिता की जगह लेंगे। इस बीच जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर चल रही अहम बैठक खत्म हो गई है। इस दौरान संजय झा ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जब तक हाउस दिल्ली में चलेगा तब तक नीतीश कुमार जी दिल्ली में रहेंगे और बाकी समय वो बिहार में रहेंगे।
नीतीश कुमार बिहार सरकार को गाइड करेंगे- संजय झा
संजय झा ने कहा कि बहुत लोगों को लगता है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं लेकिन मैं बता दूं कि बिहार में 2025 से 2030 तक जो सरकार चलेगी, उसमें नीतीश कुमार के ही मार्गदर्शन में सरकार चलेगी। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ये भी बताया कि हमारे युवा विधायकों के साथ भी निशांत कुमार की बैठक हुई है। कल शाम में जब मुख्यमंत्री जी के आवास पर जो हमारे विधानमंडल दल की बैठक थी, जिसमें सारे MLAs, सारे MLC, पार्टी के सांसद मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सारे लोगों की बैठक बुलाई थी। उस बैठक में मुख्यमंत्री के सामने मैंने ही प्रस्ताव दिया और सभी ने उसका समर्थन किया।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव हुआ था
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के बहुत सारे साथी जो लंबे समय से मुख्यमंत्री के साथ हैं या पार्टी के जो समर्थक हैं, शुभचिंतक हैं, पार्टी के नेता हैं विधायक हैं, सभी लोगों की इच्छा थी कि निशांत कुमार आकर पार्टी में काम करें। 08 मार्च को एक बजे निशांत कुमार पार्टी ज्वाइन करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जेडीयू का भविष्य राज्य की जनता तय करती है। बिहार की जनता ने 2025 के चुनाव में पार्टी का भविष्य तय कर दिया। सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव हुआ था और सरकार चल रही है।
20 साल वो मुख्यमंत्री रहे
नीतीश कुमार विचार सभी से करते हैं लेकिन जो भी वो फैसला लेते हैं उन्हीं का फैसला होता है। 20 साल वो मुख्यमंत्री रहे। दलदल से बिहार को निकाला। उन्होंने आगे कहा कि पूरे बिहार के लोगों को लगता है कि नीतीश कुमार हैं तो हम सभी सुरक्षित हैं। ये सच्चाई है। स्वभाविक तौर से उनके फैसले से बिहार के लोग दुखी हैं लेकिन एक बात ये भी है कि उन्होंने जो फैसला लिया है तो पूरी पार्टी उनके साथ है। नीतीश कुमार की लिगेसी को निशांत कुमार आगे ले जाएंगे। हम सभी लोग उनके फैसले के साथ हैं। बिहार और जेडीयू का भविष्य उज्ज्वल है। नीतीश कुमार जी कार्यकाल बिहार का स्वर्णिम काल कहलाएगा।




