
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नीतीश कुमार 10वीं बार...
नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के सीएम पद का शपथ ग्रहण करेंगे, जानें किन-किन मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल सबसे अधिक लंबा रहा...

पटना। बिहार में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद एक बार फिर से नीतीश कुमार बिहार के सीएम पद का शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं। बिहार में इतना लंबा कार्यकाल किसी भी सीएम का नहीं रहा है। देश में लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री रहने वालों की सूची में नीतीश कुमार का नाम भी शामिल हैं। इतना ही नहीं वो अबतक 9 बार सीएम पद की शपथ ले चुके हैं। आइए जानते हैं वो कौन-कौन से मुख्यमंत्री रहे हैं जिनका कार्यकाल नीतीश से अधिक रहा।
देश में अधिक समय तक रहने वाले मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल
सबसे लंबे वक्त तक सीएम रहने वाले में इस सूची में पहला नाम सिक्किम के मुख्यमंत्री रहने वाले पवन कुमार चामलिंग का आता है। वह 1994 से 2019 तक करीब 24 सालों तक सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने कुल पांच बार सीएम पद की शपथ ली। इस सूची में दूसरा नाम नवीन पटनायक का आता है। वह 24 साल 99 दिनों तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे। नवीन पटनायक ने भी पांच बार सीएम पद की शपथ ली थी।
तीसरा नाम आता है पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु का जो कि 1977 से 2000 तक करीब 23 साल सीएम रहे। उन्होंने ने भी पांच बार इस पद की शपथ ली थी। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री गेगोंग अपांग का नाम आता है। जिनका पहला कार्यकाल 1980 से 1999 तक चला और फिर दूसरा कार्यकाल 2003 से 2007 रहा। उन्होंने भी कुल पांच बार इस पद की शपथ ली थी। लेकिन इस दौरान उनकी पार्टी अलग रही।
इसके बाद मिजोरम के लाल थनहवला का नाम आता है। वह कांग्रेस पार्टी से 1984 से 1986, 1989 से 1998 और 2008 से 2018 तक यानी 22 वर्ष मुख्यमंत्री पद पर रहे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के वीरभद्र सिंह जो 21 वर्ष मुख्यमंत्री रहे। वहीं त्रिपुरा के माणिक सरकार जो 19 वर्ष से अधिक मुख्यमंत्री पद पर रहे। इसके बाद बिहार के सीएम नीतीश कुमार का नाम आता है। जो 19 सालों से बिहार के सीएम हैं। उन्होंने कुल नौ बार सीएम पद की शपथ ली है। इस बार वह दसवीं बार पद की शपथ लेंगे।




