
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नोएडा का निक्की...
नोएडा का निक्की हत्याकांड नवीं मुंबई में दोहराया! अवैध संबंधों के शक में पत्नी की मौत की रची साजिश...लेकिन इस तरह से धरा गया

मुबंई। अभी नोएडा की निक्की की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि दिल दहलाने वाली दूसरी घटना की खबर नवीं मुंबई के उरण इलाके से आई है, जो आपको हैरान कर देगी। यह मामला 35 साल के व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को अवैध संबंधों के शक में जिंदा जलाने का है। हत्यारा पति इतना शातिर निकला कि घटना को अंजाम देने के बाद उसने पत्नी की आत्महत्या की मनगढ़ंत कहानी गढ़ दी। लेकिन उसकी सात वर्षीय बेटी के बयान से सारा सच सामने आ गया है और पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
हाथ-पांव बांधकर केरोसिन डाला फिर लगा दी आग
पुलिस वरिष्ठ निरीक्षक हनीफ मुलानी ने बताया, यह घटना 25 अगस्त की सुबह उरण के पगोटेगांव में हुई थी। आरोपी पति राजकुमार रामशिरोमणि साहू को अपनी पत्नी जगरानी राजकुमार साहू पर विवाहेतर संबंध होने का शक था। इसी शक की वजह से उसने अपनी पत्नी जगरानी को कमरे में बंद कर दिया, उसके बाद हाथ-पांव बांधा फिर उस पर केरोसिन तेल डालकर लाइटर से आग लगा दी। फिर वो महिला को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के अगले दिन ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
आत्महत्या की मनगढ़न्त कहानी रची
इस मामले में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की काफी कोशिश की और पुलिस से कहा कि पत्नी जगरानी ने खुद को कमरे में बंद करके आग लगा ली थी। इसके साथ उसने यह भी बताया कि घटना के वक्त वह घर पर नहीं था। उसके इसी बयान के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। लेकिन पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो मामला हत्या का निकला।
बेटी ने खोली पोल पापा ने लगाई आग
पुलिस ने घटना के संबंध में जब आरोपी की सात साल की बेटी से पूछताछ की तो उसने कहा कि उसके पापा ने ही मां को रुम में बंद किया और आग लगाई थी। इसके बाद इलाके की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई। उसमें आरोपी घटना के तुरंत बाद घर से बाहर जाते हुए दिख रहा है। उसका झूठ पकड़ा गया कि वह घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।