Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

अब यह सपना धीरे-धीरे सच होता दिखाई दे रहा है...मिताली राज ने भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए समय पर दिया बड़ा बयान

Shilpi Narayan
16 March 2026 7:00 PM IST
अब यह सपना धीरे-धीरे सच होता दिखाई दे रहा है...मिताली राज ने भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए समय पर दिया बड़ा बयान
x

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट इस समय अपने सबसे अच्छे दौर से गुजर रहा है। जहां एक बाद एक कई टॉफी पर टीम इंडिया ने अपना कब्जा जमाया है। इस बीच भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह भारतीय क्रिकेट को विश्व स्तर पर शीर्ष पर देखना चाहती थीं और अब यह सपना धीरे-धीरे सच होता दिखाई दे रहा है।

भारतीय क्रिकेट ने हर स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन

उन्होंने हाल के वर्षों में पुरुष, महिला और जूनियर टीमों के शानदार प्रदर्शन को भारतीय क्रिकेट की बड़ी उपलब्धि बताया। दरअसल, बीसीसीआई के सम्मान समारोह के दौरान मिताली राज ने कहा कि मैं बरसों से चाहती थी कि भारतीय क्रिकेट का दबदबा हो और अब वह समय आ गया है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले दो-तीन साल में भारतीय क्रिकेट ने हर स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। महिला टीम, पुरुष टीम और अंडर-19 लड़के-लड़कियों की टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया है। एक पूर्व क्रिकेटर के तौर पर यह देखकर गर्व महसूस होता है। वहीं पिछले कुछ वर्षों में भारतीय क्रिकेट ने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खिताब जीते हैं। भारत ने 2024 और 2026 में टी20 विश्व कप जीतकर दुनिया में अपनी ताकत दिखाई।

महिला टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप अपने नाम किया

वहीं महिला टीम ने पहली बार वनडे विश्व कप अपने नाम किया। इसके अलावा अंडर-19 स्तर पर भी भारत की लड़कों और लड़कियों की टीमों ने विश्व खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है। मिताली राज ने भारतीय महिला क्रिकेट में आए बदलाव के लिए जय शाह के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच साल में भारतीय महिला क्रिकेट में जबरदस्त बदलाव आया है। इसके पीछे बीसीसीआई और जय शाह का बड़ा योगदान है। महिला क्रिकेट के विकास के लिए उनका विजन और प्रतिबद्धता काफी अहम रही है।

द्रविड़ और सचिन से बल्लेबाजी सीखी

बीसीसीआई के कार्यकाल में पुरुष और महिला खिलाड़ियों की मैच फीस बराबर करने का फैसला लिया गया और महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत भी हुई। वहीं मिताली राज ने अपने करियर के दौरान पुरुष क्रिकेटरों से मिली प्रेरणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट का अपना सफर रहा है, लेकिन हमने पुरुष क्रिकेटरों से भी काफी प्रेरणा ली। मैंने राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर से बल्लेबाजी को लेकर काफी बातें सीखी हैं।

Next Story