Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

पाकिस्तान केवल नाटक करता...टी20 वर्ल्डकप में भारत से मैच के बहिष्कार को लेकर हरभजन सिंह का फूटा गुस्सा! पीसीबी को दी यह चेतावनी...

Aryan
3 Feb 2026 1:30 PM IST
पाकिस्तान केवल नाटक करता...टी20 वर्ल्डकप में भारत से मैच के बहिष्कार को लेकर हरभजन सिंह का फूटा गुस्सा! पीसीबी को दी यह चेतावनी...
x
हरभजन सिंह ने यह मुद्दा भी उठाया कि भारत-पाकिस्तान मैच केवल दो टीमों के बीच नहीं होता, बल्कि यह करोड़ों दर्शकों के लिए एक बड़ा क्रिकेट इवेंट होता है

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला क्रिकेट से अधिक राजनीति से जुड़ा हुआ लग रहा है। इस फैसले का मकसद केवल मुद्दा बनाना है, न कि कोई ठोस निर्णय करना।

पीसीबी का रुख साफ नहीं

अपने यूट्यूब चैनल पर हरभजन ने पाकिस्तान को बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना करार दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार और पीसीबी का रुख साफ नहीं है। एक ओर टीम को टी20 वर्ल्ड कप खेलने की इजाजत दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर भारत के खिलाफ मुकाबले से दूरी बनाई जा रही है। हरभजन ने कहा कि यदि किसी फैसले के पीछे सच्चा कारण होता, तो पूरा टूर्नामेंट छोड़ दिया जाता अथवा सभी मैच खेले जाते। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह फैसला समझ से बाहर है।

पाकिस्तान दूसरे देश को देना चाहता समर्थन

हरभजन ने पाकिस्तान के इस कदम को बांग्लादेश के समर्थन से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान सच में किसी दूसरे देश के साथ खड़ा होना चाहता है, तो उसे इसके नतीजों को भी स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कुछ समय बाद पाकिस्तान की ओर से कहा जाएगा कि यह मामला बांग्लादेश का था, ICC ने दबाव डाला और हम तो खेलने को तैयार थे। यह लोगों को केवल गुमराह करने जैसा है।

क्रिकेट फैन्स को किया नजरअंदाज

हरभजन सिंह ने यह मुद्दा भी उठाया कि भारत-पाकिस्तान मैच केवल दो टीमों के बीच नहीं होता, बल्कि यह करोड़ों दर्शकों के लिए एक बड़ा क्रिकेट इवेंट होता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में भी बड़ी संख्या में लोग इस मुकाबले को देखना चाहते हैं, लेकिन उनके हितों को नजरअंदाज कर दिया गया है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी जब हालात मुश्किल थे, तब एशिया कप जैसे टूर्नामेंट खेले गए, क्योंकि उससे कमाई जुड़ी हुई थी। अब अचानक क्रिकेट से ज्यादा राजनीति हावी होती दिख रही है।

न्यूट्रल वेन्यू पर क्या दिक्कत है

हरभजन ने यह भी कहा कि यह मुकाबला भारत या पाकिस्तान में नहीं, बल्कि न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाना था। उन्होंने कहा कि यदि पहले हालात में खेल हो सकता था, तो अब अचानक देशभक्ति का प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ठीक है यदि पाकिस्तान भारत नहीं आता है। भारत ने भी पाकिस्तान जाने से मना किया है इसलिए आपका यह फैसला भी ठीक है। हालांकि यह मैच तो न्यूट्रल वेन्यू पर है तो इसमें क्या दिक्कत थी।

भविष्य को लेकर किया आगाह

हरभजन सिंह ने अंत में पाकिस्तान को आगाह किया कि ऐसे फैसलों का असर लंबे समय तक पड़ सकता है। आईसीसी इस मामले को गंभीरता से ले सकता है और आगे चलकर पाकिस्तान को टूर्नामेंट की मेजबानी या अन्य क्रिकेट गतिविधियों में नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि अब देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान अपने फैसले पर कितनी देर टिका रहता है।

Next Story