
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- मॉडल को बिठाकर ली गई...
मॉडल को बिठाकर ली गई थी तस्वीरें, पिंक फोटोशूट के 4 महीने बाद हथिनी 'चंचल' की मौत, मचा बवाल! जानें पूरा मामला

जयपुर। जयपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है। जयपुर में एक रूसी फोटोग्राफर द्वारा हाथी पर किया गया फोटोशूट इन दिनों विवादों में है। विवाद इसलिए बढ़ गया क्योंकि पिछले महीने एक हथिनी 'चंचल' की मौत हो गई। दरअसल उसकी मौत को पिछले साल हुए एक 'पिंक फोटोशूट' से जोड़ा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, चंचल वही हथिनी है जिसे पिछले साल नवंबर में एक फोटोशूट के लिए गुलाबी रंग से रंग दिया गया था। वहीं, चार महीने बाद उसकी मौत पर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। इस मामले में लोग आरोप लगा रहे हैं कि फोटोशूट में इस्तेमाल हुए रंग की वजह से उसकी जान गई।
हथिनी चंचल को सिर से पांव तक गुलाबी रंग में रंगा गया
यह फोटोशूट एक रूसी मॉडल और फोटोग्राफर ने जयपुर के एक पुराने मंदिर में किया था। इसमें करीब 70 साल की हथिनी चंचल को सिर से पांव तक गुलाबी रंग में रंगा गया था। मॉडल ने खुद भी गुलाबी रंग लगाकर हथिनी के ऊपर बैठकर पोज दिए थे।
पहले भी लोगों ने गुस्सा जाहिर किया था
जब तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए थे, तब भी लोगों ने एक जानवर को इस तरह इस्तेमाल करने पर गुस्सा जाहिर किया था। अब 26 फरवरी को चंचल की मौत के बाद यह मामला फिर से गरमा गया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि चंचल की मौत उम्र से जुड़ी समस्याओं के कारण हुई है और इसका फोटोशूट से कोई लेना-देना नहीं है।
'हाथी गांव' के रहने वाली थी चंचल
चंचल जयपुर के 'हाथी गांव' की रहने वाली थी, जहां महावत हाथियों को पालते हैं और उनकी देखभाल करते हैं। हथिनी के मालिक शादिक खान ने बताया कि चंचल की उम्र करीब 65 साल थी और उसकी मौत स्वाभाविक है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि इस बेजुबान की मौत के लिए रूसी फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा के खिलाफ बिना किसी बहाने के कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वन विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों ने लगे आरोपों को किया खारिज
अधिकारियों ने इस बात से साफ इनकार किया है कि चंचल की मौत का कारण फोटोशूट में इस्तेमाल हुआ रंग है। उनका कहना है कि होली में इस्तेमाल होने वाले ऑर्गेनिक गुलाल पाउडर का इस्तेमाल किया गया था, जिसे कुछ ही मिनटों में धो दिया गया था।
फोटोशूट के समय हथिनी ठीक थी
स्थानीय पशु डॉक्टरों के सूत्रों ने भी जानकारी दी कि फोटोशूट के समय हथिनी को कोई चोट या केमिकल रिएक्शन नहीं हुआ था। इसके बावजूद, चंचल की मौत की टाइमिंग और वीडियो का फिर से वायरल होना, ऑनलाइन अटकलों को हवा दे रहा है।




