
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बीजेपी के स्थापना दिवस...
बीजेपी के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई, कहा- भाजपा हमेशा 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित रही

नई दिल्ली। आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने लिखा- भाजपा के स्थापना दिवस पर देशभर के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी पार्टी हमेशा से 'भारत प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है। हमारे कार्यकर्ता निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और सुशासन के प्रति गहरी लगन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम किया है, यह सुनिश्चित करते हुए कि अधिक से अधिक लोग हमारी विचारधारा और कार्य से जुड़े रहें। हम उन अनगिनत कार्यकर्ताओं को भी याद करते हैं जिनके समर्पण, त्याग और दृढ़ता ने दशकों से पार्टी के विकास को आकार दिया है। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो जन कल्याण को अपने दृष्टिकोण के केंद्र में रखती है। यह हमारे केंद्र और विभिन्न राज्यों में किए गए कार्यों में परिलक्षित होता है। भाजपा एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। आशा है कि हमारा सामूहिक संकल्प इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता रहेगा और भारत को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
अमित शाह ने भी किया पोस्ट
राष्ट्रहित सर्वोपरि के संकल्प के प्रति समर्पित भाजपा के स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएँ। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की राष्ट्रवादी चिंतन और वैचारिक प्रेरणा से बनी भारतीय जनता पार्टी की स्थापना केवल एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का संकल्प था। अंतिम पंक्ति के कल्याण की मूल भावना के साथ शुरू हुई भाजपा ने मोदी जी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को साकार किया है। भाजपा ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के साथ देश को तुष्टीकरण से मुक्त व सुशासन, पारदर्शिता को स्थापित करने का कार्य किया है। आज भाजपा केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सपनों और आकांक्षाओं की प्रतिनिधि बन चुकी है।
आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से भाजपा ने किया पोस्ट
भारतीय जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से पोस्ट किया, “राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय का संकल्प और सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर चलने वाले विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की आप सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आइए, विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”




