
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- देश के कई हिस्सों में...
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने बरसात को लेकर अलर्ट जारी किया है। देश के कई इलाकों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि के भी आसार बने हुए हैं। बारिश के साथ हो रहे जल भराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में बरसात के चलते बिजली भी गुल रही।
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज के बाद रेड अलर्ट जारी किया था। इन जिलों में मंगलवार के लिए भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मानसून समय से 16 दिन पहले पहुंचने के साथ मई माह में सर्वाधिक बारिश का 107 वर्ष का रिकॉर्ड टूट गया। भारी बारिश से मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं और कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से हजारों लोग जहां-तहां फंसे रहे।
कश्मीर हिमाचल के इलाकों में भी बरसात
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र के लिए मौसम विभाग ने आज भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
आज भी राहत के आसार नहीं हैं।जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान में 27 मई से 1 जून तक आंधी, बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र तक पहुंच गया। एक-दो दिनों में आंध्र के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून समय से पहले ही तेलंगाना के अलावा मिजोरम के शेष हिस्सों, पूरे त्रिपुरा, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और असम और मेघालय के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। अगले तीन दिनों में यह महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और पूरे पूर्वोत्तर में छा जाएगा।