
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अयोध्या पहुंची...
अयोध्या पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू! पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत, राम यंत्र की करेंगी स्थापना

अयोध्या। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अयोध्या के राम मंदिर के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति यहां हिन्दू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) और चैत्र नवरात्रि के पहले दिन श्रीराम यंत्र की स्थापना कर एक नए इतिहास की साक्षी बनेंगी। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11:55 बजे के शुभ अभिजीत मुहूर्त में मंदिर के द्वितीय तल (सेकंड फ्लोर) पर श्रीराम यंत्र और श्रीराम नाम मंदिर की स्थापना करेंगी। समारोह का साक्षी बनने के लिए करीब सात हजार मेहमान मौजूद रहेंगे। ऐसे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या पहुंच चुकी हैं। जहां उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत हुआ। इस दौरान प्रशासन पूरी तरह चाकचौबंद नजर आया। उन्होंने जगतगुरू आद्य शंकराचार्य द्वार से रामनगरी में प्रवेश किया।
7,000 विशिष्ट मेहमान शामिल होंगे
इस भव्य समारोह में देशभर से आए लगभग 7,000 विशिष्ट मेहमान शामिल हो रहे हैं। श्रीराम यंत्र पूजन के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ और तीन आचार्य उपस्थित रहेंगे। साथ ही संत, विद्वान, मंदिर निर्माण से जुड़े करीब 2,000 श्रमिक और 1984 से 2000 के बीच राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
श्रीराम यंत्र का क्या है महत्व
यह यंत्र कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य स्वामी विजयेंद्र सरस्वती द्वारा तैयार किया गया है। इसमें भगवान राम के अनेक वैदिक और बीज मंत्र अंकित हैं, जिसे आध्यात्मिक ऊर्जा के संचार के लिए स्थापित किया जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बता दे कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। इसमें आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन निर्बाध रूप से चलते रहेंगे, केवल राष्ट्रपति के पूजन के कुछ समय के लिए दर्शन रोके जा सकते हैं। अयोध्या दौरे के बाद राष्ट्रपति मथुरा और वृंदावन के लिए प्रस्थान करेंगी।




