
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राष्ट्रपति द्रौपदी...
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यसभा के लिए चार लोगों को किया मनोनीत! पूर्व विदेश सचिव सहित इन्हें किया शामिल

नई दिल्ली। राज्यसभा के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार लोगों को मनोनीत किया है। वहीं ये नामांकन पूर्व में नामित सदस्यों की सेवानिवृत्ति के कारण खाली पड़ी सीटों को मद्देनजर किए गए हैं। इनमें भारत के पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, सरकारी वकील उज्ज्वल देवराव निकम, प्रख्यात इतिहासकार एवं शिक्षाविद् मीनाक्षी जैन, केरल के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सी. सदानंदन मास्टर का नाम शामिल है।
राष्ट्रपति राज्यसभा के लिए 12 व्यक्तियों कर सकते हैं मनोनीत
दरअसल, राष्ट्रपति मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 80(1)(क) के खंड (3) द्वारा उन्हें दी गई शक्तियों के अंतर्गत इन लोगों को राज्यसभा के लिए चुना है। ये लोग कला, साहित्य और लोक सेवा के क्षेत्र में अपनी प्रतिष्ठा के लिए जाने जाते हैं। भारत के राष्ट्रपति राज्यसभा के लिए 12 व्यक्तियों को मनोनीत कर सकते हैं।
हर्षवर्धन श्रृंगला
हर्षवर्धन श्रृंगला पूर्व विदेश सचिव रहे हैं। हर्षवर्धन श्रृंगला ने 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता के लिए मुख्य समन्वयक के रूप में भी कार्य किया है। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, बांग्लादेश और थाईलैंड में राजदूत का पद भी संभाला है।
उज्जवल देवराव निकम
उज्जवल देवराव निकम कानूनी क्षेत्र में एक जाना-माना नाम हैं। उन्हें बीजेपी ने 2024 के आम चुनावों में मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में सरकारी वकील के रूप में जिम्मेदारी का निर्वहन किया था।
सी. सदानंदन मास्टर
राज्यसभा के लिए नामित किए गए सी. सदानंदन मास्टर केरल के भाजपा सदस्य हैं। वे पूर्व में शिक्षक रहे हैं। सदानंदन को 25 जनवरी, 1994 में राजनीतिक हिंसा के शिकार बनाया गया था। तब उनके पैतृक गांव पेरिंचरी के पास माकपा कार्यकर्ताओं ने उनके दोनों पैर काट दिए थे। उन्हें भाजपा ने 2021 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया था।
डॉ. मीनाक्षी जैन
डॉ. मीनाक्षी जैन प्रख्यात इतिहासकार एवं शिक्षाविद् हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में इतिहास की पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर रही हैं।