
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- सबसे प्रतिष्ठित तीर्थ...
सबसे प्रतिष्ठित तीर्थ स्थलों में से एक सबरीमाला मंदिर जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, जानें क्यों हो रही है राष्ट्रपति के इस दौरे की चर्चा

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मई को केरल के सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन करने जाने वाली है। वहीं मुर्मू पहली राष्ट्रपति होंगी जो सबरीमाला मंदिर जाएंगी। इसको लेकर मंदिर प्रबंधन संस्था त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) ने राष्ट्रपति की यात्रा की पुष्टि की है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर एसपीजी और मंदिर प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है।
दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगी केरल
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में बताया जा रहा है कि 18 और 19 मई को दो दिवसीय यात्रा पर केरल जाएंगी। 18 मई को राष्ट्रपति केरल के कोट्टायम जिले में एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने वाली हैं। इसके बाद 19 मई को सबरीमाला मंदिर के पास बने निलक्कल हेलीपैड पर जाएंगी। यहां से पंपा बेस कैंप जाएंगी। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति आम दर्शनार्थियों की तरह पहाड़ी पर चढ़ाई भी कर सकती हैं। हालांकि इसे लेकर एसपीजी सुरक्षा उपायों पर ध्यान दे रही है।
पहाड़ी पर चढ़ने और न चढ़ने का फैसला एसपीजी का होगा
वहीं इसको लेकर टीडीबी के अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पहली बार है कि जब किसी राष्ट्रपति का सबरीमाला मंदिर में आगमन हो रहा है। उनके पहाड़ी पर चढ़ने और न चढ़ने का फैसला एसपीजी को करना है। हम निर्देशों का पालन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यक्रम फिलहाल नहीं आया है। लेकिन तैयारियां चल रही हैं।
सबसे प्रतिष्ठित तीर्थ स्थलों में से एक
बता दें कि केरल के पथानामथिट्टा जिले में 3,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित सबरीमाला दक्षिण भारत के सबसे प्रतिष्ठित तीर्थ स्थलों में से एक है। ऐसा कहा जाता है कि मंदिर तक पहुंचने के लिए 41 दिनों की तपस्या करनी पड़ती है।