
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राष्ट्रपति ट्रंप ने...
राष्ट्रपति ट्रंप ने नाटो देशों के खिलाफ निकाली भड़ास! कहा- अमेरिका के बिना, नाटो एक कागजी शेर...

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज नाटो देशों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। ईरान युद्ध में नाटो देशों के शामिल न होने को लेकर ट्रंप ने नाटो के सहयोगी देशों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और उन्हें 'कायर' तक कह दिया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के बिना, नाटो एक कागजी शेर है। वे परमाणु शक्ति संपन्न ईरान को रोकने की लड़ाई में शामिल नहीं होना चाहते हैं।
होर्मुज स्ट्रेट को खोलने में मदद नहीं करना चाहते
उन्होंने आगे कहा कि अब जब वह लड़ाई सैन्य रूप से जीत ली गई है और खतरा बहुत कम हो गया है, तो तेल की ऊंची कीमतों की शिकायत करते हैं, जो उन्हें चुकानी पड़ रही है, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट को खोलने में मदद नहीं करना चाहते।
तेल की ऊंची कीमतों का एकमात्र कारण भी
उन्होंने कहा कि जो एक साधारण सैन्य कदम है और तेल की ऊंची कीमतों का एकमात्र कारण भी। उनके लिए ऐसा करना कितना आसान है और इसमें जोखिम भी कितना कम है। कायरों, हम इसे याद रखेंगे। दरअसल, ट्रंप की ये टिप्पणियां तब आईं जब कई देशों ने होर्मुज स्ट्रेट से व्यापारी जहाजों को सुरक्षा देने के लिए युद्धपोत तैनात करने के उनके आह्वान पर प्रतिक्रिया नहीं दी या इनकार कर दिया।
बिना युद्ध खत्म किए कोई कदम उठाना सही नहीं
दूसरी तरफ जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, नीदरलैंड, जापान और कनाडा ने एक संयुक्त बयान में कहा कि वे समुद्री रास्तों की सुरक्षा के लिए उचित प्रयासों में शामिल हो सकते हैं। लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि इसके लिए पहले युद्ध का खत्म होना जरूरी है। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि बिना युद्ध खत्म किए कोई कदम उठाना सही नहीं होगा। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि अभी सबसे जरूरी काम तनाव कम करना और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करना है। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोप के देश इस युद्ध में शामिल नहीं होना चाहते।




