Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया, जानें कितने देश मोदी का कर चुके हैं सम्मान

Neeraj Jha
16 Jun 2025 1:44 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया, जानें कितने देश मोदी का कर चुके हैं सम्मान
x
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'राष्ट्रपति जी, ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस सम्मान के लिए मैं आपका, साइप्रस सरकार का और साइप्रस के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं। तीन देशों की यात्रा में वह सबसे पहले साइप्रस पहुंचे हैं जहां साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस से सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'राष्ट्रपति जी, ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस सम्मान के लिए मैं आपका, साइप्रस सरकार का और साइप्रस के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह उनकी क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुम्बकम की विचारधारा का सम्मान है। मैं इसे भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, हमारे साझा मूल्यों और आपसी समझ को समर्पित करता हूं। मैं सभी भारतीयों की ओर से इस सम्मान को बड़ी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।'

अब तक मोदी का कितने देश कर चुके हैं सम्मान

प्रधानमंत्री मोदी का अब तक 20 से ज्यादा देश सम्मान कर चुके हैं। बता दें कि इसी साल मार्च में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र राम गुलाम ने पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया था। यह सम्मान पाने वाले मोदी पहले भारतीय हैं।

G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तीन देशों की अहम यात्रा पर रवाना हुए, जिसमें वह साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया का दौरा करेंगे। साइप्रस के बाद पीएम मोदी कनाडा के कनानास्किस जाएंगे, जहां वह G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के निमंत्रण पर वह इस सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां दुनिया भर के नेता अंतरराष्ट्रीय समस्याओं पर विचार करेंगे। इसमें खासतौर पर ग्लोबल साउथ की चिंताओं और प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। यात्रा का अंतिम चरण क्रोएशिया होगा, जहां किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी राष्ट्रपति जोरान मिलानोविच और प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविच से मुलाकात करेंगे और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर बातचीत करेंगे।


Next Story