Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

नोएडा में बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे लोकार्पण, जानें कार्यक्रम का डिटेल

Aryan
28 March 2026 9:25 AM IST
नोएडा में बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे लोकार्पण, जानें कार्यक्रम का डिटेल
x
करीब 800 मीटर एलिवेटेड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का यह रास्ता पहले ही तैयार हो चुका है।

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में बने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकार्पण करेंगे। करीब 25 वर्षों के बाद आसमान से जुड़ने का नोएडा का सपना आज पूरा पूरा हो जाएगा। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले एयरपोर्ट पर पहुंचकर तैयारी का जायजा ले चुके हैं।

करीब 11,200 करोड़ की लागत से तैयार हवाई अड्डा

हवाईअड्डे के पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकास कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का लोकार्पण के बाद कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण और विमानों की मरम्मत के लिए बनने वाले एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और संचालन) सेंटर का शिलान्यास भी करेंगे। एयरपोर्ट पर घरेलू व्यावसायिक उड़ानें और कार्गो सुविधा अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक शुरू होने की संभावना है। करीब 11,200 करोड़ की लागत से तैयार हवाई अड्डा उड़ान भरने के लिए तैयार है।

पहले निरीक्षण करेंगे फिर लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण से पहले सुबह लगभग 11:30 बजे नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। जिसके बाद दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री हवाई अड्डे का लोकार्पण करेंगे। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सिविल एविएशन मंत्रालय के मंत्री राम मोहन नायडू शामिल होंगे। एयरपोर्ट पर दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा से भी लोगों के आने संभावना है।

प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे

लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल से कुछ दूरी पर होगी। लोकार्पण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए तीन बड़े पांडाल बनाए गए हैं। पीएम की रैली में डेढ़ लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम में वीवीआईपी की एंट्री यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किमी कट पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से होगी। जबकि आम जनता की एंट्री किशोरपुर वाले रास्ते से होगी। लोगों की सुविधा के लिए समारोह के अंदर जाने के लिए पांच गेट बनाए गए हैं। समारोह में 20 हजार वाहनों के आने की उम्मीद है। इसके लिए 15 से ज्यादा पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

Next Story