Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

NEPAL के 16 जेलों का दरवाजा तोड़कर निकले कैदी भाग रहे हैं भारत की ओर! बिहार के इन जिलों में दबोचे गए इतने नेपाली कैदी

Anjali Tyagi
11 Sept 2025 3:37 PM IST
NEPAL के 16 जेलों का दरवाजा तोड़कर निकले कैदी भाग रहे हैं भारत की ओर! बिहार के इन जिलों में दबोचे गए इतने नेपाली कैदी
x
नेपाल की जेल से कैदियों के फरार होने के बाद सीमा पर विशेष सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।

मोतिहारी। पड़ोसी देश नेपाल में माहौल गरमाया हुआ है। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के बाद जहां लोग उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में जेल में कैदियों ने इस मौके का फायदा उठाया और लगभग 16 जेलों से करीब 5000 से ज्यादा कैदी फरार हुए हैं। नेपाल जेल ब्रेक मामले में अब तक एसएसबी ने बिहार के विभिन्न जिलों से 26 कैदियों को दबोचा है। इनसे पूछताछ की जा रही है।

मोतिहारी से गिरफ्तार हुए 5 कैदी

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी कुंडवाचैनपुर की टीम ने पांच नेपाली कैदियों को परसा गांव के समीप भारत में प्रवेश करते समय गिरफ्तार कर लिया। नेपाल में जेन जेड आंदोलन के दौरान बिगड़े हालात का फायदा उठाकर रौतहट जिला मुख्यालय गौर स्थित कारागार से सैकड़ों कैदी फरार हो गए थे। भीड़ ने जेल का फाटक तोड़ दिया और अफरातफरी के बीच कई बंदी भाग निकले। इस घटना ने नेपाल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट

दरअसल एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि नेपाल की जेल से कैदियों के फरार होने के बाद सीमा पर विशेष सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल में लगातार बिगड़ते हालात और जेल ब्रेक की इस घटना के चलते सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। सीमावर्ती जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, और किशनगंज में एसएसबी के साथ पुलिस की टीम संयुक्त रूप से गश्ती कर रही है। बिहार के इन जिलों में हाई अलर्ट है।

21 कैदी सीतामढ़ी से हुए गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक घटनाक्रम के बाद भारत नेपाल बॉर्डर पर स्थित सीतामढ़ी जिले के बॉर्डर को सील कर दिया गया है। एसएसबी और जिला पुलिस संयुक्त ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त कर रही है। वहीं सीतामढ़ी के एसपी ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल और जिला पुलिस के तत्परता के चलते 21 लोगों को नेपाल से भारत में घुस रहे लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Next Story