
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- पुतिन और पीएम मोदी आज...
पुतिन और पीएम मोदी आज करेंगे जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस, शशि थरूर ने कहा-राष्ट्रीय हितों पर अपने फैसले खुद लेने की क्षमता हमारे डीएनए में है

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दौरे पर हैं। आज रूसी राष्ट्रपति के दौरे का दूसरा दिन है। आज पुतिन और पीएम मोदी 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। आज की मीटिंग में सारा फोकस ट्रेड, डिफेंस और एनर्जी से जुड़े कई समझौतों पर होगा जिसका ऐलान दोनों नेता जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे। शाम को 7 बजे पुतिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मीटिंग के लिए राष्ट्रपति भवन जाएंगे। 2022 में रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद से यह पुतिन का पहला भारत दौरा है।
यह बेहद अहम दौरा है
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि यह बेहद अहम दौरा है। भारत और रूस का रिश्ता लंबे समय से मजबूत रहा है और आज की अशांत वैश्विक परिस्थितियों में जब कई रिश्ते अनिश्चित होते जा रहे हैं, ऐसे में हमारे पुराने साझेदारियों को और मजबूत करना जरूरी है। किसी को यह गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि इससे हमारे अन्य देशों के साथ संबंध प्रभावित होंगे, क्योंकि भारत में अलग-अलग देशों के साथ स्वतंत्र रिश्ते बनाए रखने की क्षमता है। हम हमेशा से संप्रभु स्वायत्तता में विश्वास करने वाला राष्ट्र रहे हैं- दोस्ती, साझेदारी और राष्ट्रीय हितों पर अपने फैसले खुद लेने की क्षमता हमारे डीएनए में है।




