
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राबड़ी देवी का बड़ा...
राबड़ी देवी का बड़ा दावा! तेजस्वी यादव की जान को खतरा, बोलीं- 4 बार हो चुकी है मारने की कोशिश, जानें किसकी तरफ किया इशारा

पटना। बिहार विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राबड़ी देवी अपने दल के सभी विधान पार्षदों के साथ बाहर निकलीं और मीडिया से बात करने के दौरान उन्होंने कहा कि उनके बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी की हत्या की पहले भी चार बार कोशिश की जा चुकी है। राबड़ी देवी ने सरकार से उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर हमला बोला।
तेजस्वी पर हुआ चार बार हमला
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आरोप लगाए हैं कि उनके पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर चार बार जानलेवा हमला हो चुका है। विधान परिषद के बाहर राबड़ी देवी ने भाजपा-जदयू पर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा-जदयू से तेजस्वी को जान का खतरा है। तेजस्वी को जान से मारने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दोनों दलों के लिए अपशब्द भी इस्तेमाल किए।
चुनाव आयोग पर लगाया आरोप
राबड़ी देवी ने बिहार सरकार और चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार सरकार और चुनाव आयोग राज्य के चार करोड़ जनता से उनके वोट का अधिकार छीनने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के चार करोड़ लोग दूसरे राज्यों में रहने को मजबूर हैं क्योंकि यहां उनके लिए काम धंधा नहीं है। इन तमाम लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने महालेखाकार की रिपोर्ट का हवाला देकर कहा कि 72 करोड़ से अधिक राशि का घोटाला हुआ है। केंद्र में जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है इस देश में घोटाला ही घोटाला हो रहा है। राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री पर देश की महत्वपूर्ण संस्थाओं को बेचने के आरोप भी लगाए।
नीतीश पर कसा तंज
राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा, "नीतीश जब से पैदा हुए हैं, तब से ही दुनिया बनी है क्या? क्या सब कुछ उन्हीं के आने के बाद हुआ?" उन्होंने कहा कि सरकार के लोग सदन में मर्यादा भूलकर गाली-गलौज कर रहे हैं।
तेजस्वी को कोई खतरा नहीं- दिलीप जायसवाल
बता दें कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राबड़ी देवी के बयान पर प्रतिक्रिया देते कहा, "तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव को भी जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।" उन्होंने आगे कहा कि अगर फिर भी किसी को सुरक्षा को लेकर कोई चिंता है, तो सरकार उस पर विचार करेगी।