
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राहुल गांधी ने पूर्व...
राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अर्पित की श्रद्धांजलि, प्रियंका-खरगे ने भी किया याद

नई दिल्ली। लोकसभा के विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस ने उन्हें एक ऐसा राजनेता बताया जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता और ईमानदारी से भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया पूर्व पीएम को याद
प्रियंका गांधी ने पूर्व पीएम को याद करते हुए कहा कि- भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री एवं रिजर्व बैंक के गवर्नर डॉ मनमोहन सिंह जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। डॉ मनमोहन सिंह जी समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमापूर्ण व्यक्तित्व की मिसाल थे, जो सच्चे अर्थों में देश की प्रगति के लिए समर्पित रहे। उनकी सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सबको प्रेरणा देता रहेगा।
भारत को आर्थिक रूप से सशक्त किया- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि -भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। अपने दूरदर्शी नेतृत्व से उन्होंने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त किया। देश के वंचितों और गरीबों के लिए उनके ऐतिहासिक प्रयासों और साहसिक निर्णयों ने भारत को विश्व मंच पर एक नई पहचान दिलाई। उनकी विनम्रता, कर्मठता और ईमानदारी हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी किया पोस्ट
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि -उनकी पहली पुण्यतिथि पर, हम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के भारत के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अपार योगदान को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं। एक परिवर्तनकारी नेता के रूप में, उन्होंने देश के आर्थिक पथ को नया आकार दिया और आर्थिक सुधारों के माध्यम से लाखों लोगों के लिए अवसरों का विस्तार किया तथा लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। अपनी विनम्रता, सत्यनिष्ठा और बुद्धिमत्ता के लिए विख्यात, उन्होंने गरिमा और करुणा के साथ नेतृत्व किया, यह सुनिश्चित करते हुए कि प्रगति समावेशी बनी रहे और कल्याणकारी लाभ सबसे जरूरतमंदों तक पहुंचें। अधिकार-आधारित प्रतिमान इसी दृष्टिकोण का प्रमाण है। हमने उनके दृष्टिकोण के तहत एक मजबूत भारत का निर्माण किया। हम एक ऐसे राजनेता को हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिनकी ईमानदार सार्वजनिक सेवा और स्थायी सुधारों की विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।




