
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राहुल गांधी का...
राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम... हरियाणा में 25 लाख वोटों की हुई चोरी, अब बिहार की बारी

नई दिल्ली। वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे पास 'एच' फाइल्स हैं और यह इस बारे में है कि कैसे एक पूरे राज्य को चुरा लिया गया है। हमें संदेह था कि यह व्यक्तिगत निर्वाचन क्षेत्रों में नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि हमें हरियाणा में हमारे उम्मीदवारों से बहुत सारी शिकायतें मिलीं कि कुछ गड़बड़ है और काम नहीं कर रहा है। उनकी सारी भविष्यवाणियां उल्टी हो गईं।
मैं 100 फीसदी सच बोल रहा हूं
हमने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में इसका अनुभव किया था, लेकिन हमने हरियाणा पर ध्यान केंद्रित करने और वहां जो कुछ हुआ था, उसके बारे में विस्तार से जानने का फैसला किया। हरियाणा के चुनावों के नतीजों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सारे एग्जिट पोल कांग्रेस को आगे बता रहे थे। पोस्टल बैलेट के नतीजों में कांग्रेस 73 सीटों पर आगे थी। हरियाणा और कर्नाटक में वोट चोरी हुई। मैं 100 फीसदी सच बोल रहा हूं। राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सिर्फ 22779 वोट से हारी। चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया दोनों पर सीधा सवाल कर रहा हूं।
एक महिला दो पोलिंग बूथ में 223 बार दिखती
वहीं राहुल ने इस दौरान कहा कि यह हरियाणा की एक पोलिंग लिस्ट है...यह दो पोलिंग बूथ की लिस्ट है। एक महिला दो पोलिंग बूथ में 223 बार दिखती है। वह जितनी बार चाहे उतनी बार वोट दे सकती है। इलेक्शन कमीशन को हमें बताना होगा कि इस महिला ने कितनी बार वोट दिया।
बिहार में भी वोटर लिस्ट में धांधली हुई
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जो हरियाणा में हुआ, वही बिहार में होगा। बिहार में भी वोटर लिस्ट में धांधली हुई है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची हमें लास्ट मोमेंट पर दी गई। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के कई वोटर्स को भी मंच पर बुलाया और दावा किया कि इनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे के पूरे परिवार के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए। बिहार में भी लाखों लोगों के नाम कटे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि भारत में जेन-जी और युवा ही सत्य और अहिंसा के साथ लोकतंत्र बचा सकते हैं।
हमने क्रॉस चेक किया
राहुल गांधी ने कहा कि दालचंद यूपी में भी वोटर हैं, हरियाणा में भी वोटर है। उनका पुत्र भी हरियाणा में भी वोटर है, यूपी में भी बीजेपी को वोट करता है। ऐसे हजारों की तादाद में लोग हैं, जिनका बीजेपी से जुड़ाव है। मथुरा के सरपंच प्रह्लाद का नाम भी हरियाणा में कई जगह वोटर लिस्ट में है। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने दावा किया कि मकान नंबर जीरो उन लोगों के सामने दर्ज कर दिया जाता है, जिनके पास घर नहीं होते। राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो भी चलाया गया, जिसमें घर विहीन लोगों के लिए वोटर लिस्ट में दर्ज पते को लेकर जानकारी दी जा रही थी। राहुल गांधी ने कहा कि हमने क्रॉस चेक किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश की जनता से खुलेआम झूठ बोला।
5 लाख 21 हजार डुप्लीकेट वोटर
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में 25 लाख 41 हजार वोटों की चोरी हुई। हरियाणा में हर 8 में से एक वोटर नकली है। नकली फोटो वाले एक लाख 24 हजार वोटर हैं। ये वोट चोरी बूथ लेवल पर नहीं, सेंट्रलाइज लेवल है। सीसीटीवी फुटेज को नष्ट किया गया है। राहुल गांधी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 5 लाख 21 हजार डुप्लीकेट वोटर हैं। हजारों लोग यूपी और हरियाणा दोनों राज्यों में वोटर हैं।




