
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- RAPE CASE: हाईकोर्ट ने...
RAPE CASE: हाईकोर्ट ने कहा- 'जिस दिन महिलाएं रात में आजादी से घूम सकेंगी, हम कह सकेंगे भारत को आजादी मिल गई... जानें क्या है मामला

बेंगलुरू। कर्नाटक हाईकोर्ट ने रेप केस के आरोपी को जमानत देने से साफ इनकार कर दिया है। कोर्ट ने फैसले के दौरान मनुस्मृति और महात्मा गांधी का हवाला दिया। साथ ही महिलाओं की गरिमा की सुरक्षा व सम्मान किए जाने की जरूरत पर जोर दिया। बता दें कि यह पूरा मामला एक 19 वर्षीय जनजातीय वर्ग की युवती के दुष्कर्म से जुड़ा है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक मामला बिहार के बांका की एक 19 वर्षीय जनजातीय वर्ग की युवती के दुष्कर्म से जुड़ा है। पीड़िता के परिजन केरल के इलायची के बगानों में काम करते हैं और पीड़िता बीती 2 अप्रैल को अपने चचेरे भाई के साथ केरल से बंगलूरू के केआर पुरम रेलवे स्टेशन पहुंची थी। पीड़िता अपने चचेरे भाई के साथ महादेवपुरा इलाके में खाना खाने जा रही थी, उसी दौरान दो लोगों ने स्टेशन के नजदीक ही उन्हें पकड़ लिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, एक आरोपी ने पीड़िता के चचेरे भाई को पकड़ा और दूसरे ने पीड़िता से दुष्कर्म किया। पीड़िता की चीखें सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
क्या बोले जस्टिस एस रचैया
बचाव पक्ष का तर्क था कि याचिकाकर्ता की दुष्कर्म में सीधी भूमिका नहीं थी। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस एस रचैया ने कहा कि पीड़िता के मन पर इस घटना का असर जीवन भर रहेगा और यह घटना उसके जीवन पर एक धब्बा रहेगी। पीड़िता के लिए दुष्कर्म की इस घटना से उबरना भी बेहद मुश्किल होगा। जिसके चलते कर्नाटक हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी।
पीठ ने किया मनुस्मृति और महात्मा गांधी के शब्दों का जिक्र
बता दें कि पीठ ने मनुस्मृति के एक श्लोक का जिक्र करते हुए कहा कि 'जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवता वास करते हैं और जहां उनका अपमान होता है, वहां सभी कर्मों का महत्व कम हो जाता है।' जस्टिस रचैया ने महात्मा गांधी के शब्दों को भी दोहराया कि 'जिस दिन महिलाएं सड़कों पर रात में आजादी से घूम सकेंगी, उस दिन हम कह सकते हैं कि भारत को आजादी मिल गई है।'