
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- RSS चीफ मोहन भगवत ने...
RSS चीफ मोहन भगवत ने कहा- सरकार को घुसपैठियों का पता लगाकर देश से बाहर निकालना होगा...

मुंबई। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भगवत ने कहा कि "सरकार को घुसपैठ के संबंध में बहुत कुछ करना है। घुसपैठियों का पता लगाकर उन्हें देश से बाहर निकालना होगा। अब तक ऐसा नहीं हो रहा था, लेकिन धीरे-धीरे शुरू हो गया है और यह धीरे-धीरे बढ़ेगा। जब जनगणना या एसआईआर (विदेशी नागरिक सर्वेक्षण) होता है, तो कई ऐसे लोग सामने आते हैं जो इस देश के नागरिक नहीं हैं।
संघ में व्यक्ति का मान उसके काम से है
उन्होंने कहा कि संघ का प्रमुख न तो ब्राह्मण, न क्षत्रिय और न ही वैश्य होता है। संघ में व्यक्ति का मान उसके काम से है। जो उपलब्ध है और सबसे योग्य है, उसे ही जिम्मेदारी दी जाती है। भविष्य में एससी (SC) या एसटी (ST) वर्ग का व्यक्ति भी सरसंघचालक बन सकता है। जो काम करेगा, वही आगे बढ़ेगा।
हम किसी भी विदेशी को नौकरी नहीं देंगे
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें स्वतः ही इस प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाता है। लेकिन हम एक काम कर सकते हैं, हम उनका पता लगाने पर काम कर सकते हैं। उनकी भाषा से ही उनकी पहचान हो जाती है। हमें उनका पता लगाकर संबंधित अधिकारियों को सूचना देनी चाहिए। हमें पुलिस को सूचित करना चाहिए कि हमें इन लोगों के विदेशी होने का संदेह है और उन्हें जांच करनी चाहिए और उन पर नजर रखनी चाहिए, और हम भी उन पर नजर रखेंगे। हम किसी भी विदेशी को नौकरी नहीं देंगे। अगर कोई हमारे देश का है, चाहे वह मुसलमान ही क्यों न हो, अगर वह हमारे देश का है, तो हम उसे नौकरी देंगे, लेकिन विदेशियों को नहीं। आपको थोड़ा और सतर्क और जागरूक रहना चाहिए।"
कम कौशल वाले कामों को छोड़ दिया
आरएसएस प्रमुख मोहन भगवत कि हिंदू समुदाय के लोगों ने धीरे-धीरे इन कम कौशल वाले कामों को छोड़ दिया है। हर कोई ज्यादा वेतन वाली नौकरियों के पीछे भाग रहा है। नतीजा यह है कि इन कामों को करने वाला कोई और नहीं है, इसलिए इन क्षेत्रों में घुसपैठियों का रोजगार सुरक्षित हो जाता है। जो लोग खुद को हिंदू नहीं कहते, अगर वे इस देश के हैं, तो उन्हें भी काम मिलना चाहिए। हमारी जनसंख्या बहुत बड़ी है। इसलिए, प्रगति के लिए हम जो भी करें, वह रोजगार पैदा करने वाला होना चाहिए, न कि रोजगार खत्म करने वाला।
हम एआई को आने देंगे लेकिन इस शर्त पर
उन्होंने कहा कि नई तकनीकें आ रही हैं, जैसे एआई और अन्य। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए क्या करना चाहिए कि इससे नौकरियों का नुकसान न हो? तकनीक तो आएगी ही और प्रतिस्पर्धा के लिए हमें इस पर महारत हासिल करनी होगी और इसका उपयोग करना होगा। हम यह नहीं कह सकते कि हम एआई को आने नहीं देंगे। एआई आएगा, और हम इसका उपयोग इस तरह करेंगे कि हमारा काम बिना रोज़गार पर नकारात्मक प्रभाव डाले चलता रहे।




