
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- भगवान राम की मां...
भगवान राम की मां कौशल्या पर अभद्र टिप्पणी को लेकर संतो में आक्रोश, जगतगुरु परमहंसाचार्य ने जताया विरोध! कार्रवाई की मांग की...

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में हाल के दिनों में दिए गए एक विवादित बयान को लेकर धार्मिक और सामाजिक माहौल गरमाता जा रहा है। दरअसल सपा नेता यदुनंदन लाल द्वारा भगवान श्रीराम की मां कौशल्या को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर अयोध्या के संतों में गहरा आक्रोश फैला हुआ है। इस मामले में संतों ने कड़ी निंदा करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जगतगुरु परमहंसाचार्य ने जताया विरोध
इस मामले में जगतगुरु परमहंसाचार्य ने कड़ा विरोध जताते हुए अयोध्या कोतवाली में एक तहरीर दी है। उन्होंने सपा नेता यदुनंदन लाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जगतगुरु परमहंसाचार्य ने यह भी कहा है कि इस मामले में केवल गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, हिंदू भावनाओं को आहत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की माता पर अमर्यादित टिप्पणी करके धार्मिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाई गई है, इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने यह चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे न्यायालय का सहारा लेंगे और कानूनी लड़ाई को अंत तक लड़ेंगे।
पार्टी ने सपा नेता यदुनंदन को किया निष्कासित
वहीं, इस पूरे विवाद के बीच समाजवादी पार्टी ने भी कार्रवाई करते हुए संबंधित नेता को पार्टी से निष्कासित कर दिया है, ताकि इस मामले में पार्टी की छवि को नुकसान से बचाया जा सके। हालांकि, संतों की नाराजगी और विरोध अभी भी जारी है। परमहंसाचार्य ने साफ कहा है कि जब तक आरोपी के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए जाते, उनकी लड़ाई जारी रहेगी।




