Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

Sharmistha Panoli: शर्मिष्ठा पनोली को हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत! दी जाएगी पुलिस सुरक्षा, जानें क्या था पूरा मामला

Anjali Tyagi
5 Jun 2025 4:39 PM IST
Sharmistha Panoli: शर्मिष्ठा पनोली को हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत! दी जाएगी पुलिस सुरक्षा, जानें क्या था पूरा मामला
x
साथ ही कलकत्ता हाईकोर्ट ने शर्मिष्ठा पनोली को 10,000 रुपये का जमानत बांड भरने का निर्देश दिया है।

कोलकाता। कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोशल मीडिया पर विवादित टिप्पणी वाला वीडियो पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार की गई इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम जमानत दे दी है। साथ ही कलकत्ता हाईकोर्ट ने शर्मिष्ठा पनोली को 10,000 रुपये का जमानत बांड भरने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता को उचित पुलिस सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। हालांकि इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई पर पनोली को अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए कहा था कि बोलने की स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं है कि आप दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचाएं।

क्या है हाई कोर्ट का फैसला

न्यायमूर्ति राजा बसु चौधरी ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि पनोली के कॉलेज का पता और व्यक्तिगत जानकारी शिकायत में उजागर कर दी गई, जिससे उन्हें जान का खतरा हो सकता है। अदालत ने माना कि अब और पूछताछ की जरूरत नहीं है और उन्हें जमानत दी जा सकती है। कोर्ट ने पनोली को बॉन्ड भरने और जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि अगर उन्हें धमकियां मिलें तो राज्य पुलिस उन्हें आवश्यक सुरक्षा प्रदान करे।

क्या है पूरा मामला

दरअसल शर्मिष्ठा पनोली एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर भी है। उनकी सोशल मीडिया पर अच्छी फैन फॉलोइंग है। शर्मिष्ठा के फॉलोवर्स में एक पाकिस्तान से भी है। इस पाकिस्तानी फॉलोअर ने पहलगाम हमले के बाद शर्मिष्ठा से सवाल पूछा था। साथ ही पहलगाम हमले के आतंकियों का बचाव कर रहा था। पाकिस्तान के इस यूजर का जवाब देते हुए शर्मिष्ठा ने 14 मई 2025 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। लेकिन इस वीडियो में शर्मिष्ठा ने बॉलीवुड एक्टरों की चुप्पी को लेकर एक विशेष धर्म को लेकर टिप्पणी की थी। वीडियो में कहा गया था कि बॉलीवुड अभिनेता ऑपरेशन सिंदूर पर चुप हैं। जिसके बाद वो विवादों में घिर गई थी।

पुलिस ने गुरुग्राम से किया गया था गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक कोलकाता पुलिस ने बीते हफ्ते हरियाणा के गुरुग्राम से शर्मिष्ठा पनोली को गिरफ्तार किया था। इस बीच कोलकाता की एक अदालत ने पनोली को 13 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

शर्मिष्ठा ने मांगी थी माफी

विवाद के बाद शर्मिष्ठा ने सोशल मीडिया पर अपनी बातों के लिए माफी मांगी थी। साथ ही अपने वीडियो और पोस्ट हटा दिया। छात्रा ने 15 मई को 'एक्स' पर लिखा, 'मैं बिना शर्त माफी मांगती हूं। जो कुछ भी लिखा, वह मेरी व्यक्तिगत भावनाएं हैं और मैंने कभी जानबूझकर किसी को ठेस नहीं पहुंचाई, इसलिए अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मुझे इसके लिए खेद है। मुझे सहयोग की उम्मीद है। अब से मैं अपने सार्वजनिक पोस्ट में सावधानी बरतूंगी। फिर से कृपया मेरी माफी स्वीकार करें।'

Next Story