Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

पंजाब में आप को झटका! विधायक अनमोल गगन मान ने राजनीति छोड़ने का लिया फैसला, जानें क्या कहा, गायिका से मंत्री तक का रहा सफर

Shilpi Narayan
19 July 2025 4:46 PM IST
पंजाब में आप को झटका! विधायक अनमोल गगन मान ने राजनीति छोड़ने का लिया फैसला, जानें क्या कहा, गायिका से मंत्री तक का रहा सफर
x
अनमोल गगन मान पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुकी हैं। अनमोल गगन मान का पंजाबी गायिका से मंत्री तक का सफर काफी दिलचस्प है।

चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। खरड़ की विधायक अनमोल गगन मान ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। वहीं अनमोल गगन ने आप से इस्तीफा देने के साथ ही राजनीति से भी दूर होने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी है।

मान ने लिखा कि मेरा दिल भारी है

बता दें कि अनमोल गगन मान ने लिखा कि मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से स्पीकर को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।

अनमोल गगन पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुकी हैं

अनमोल गगन मान पंजाब सरकार में पर्यटन मंत्री रह चुकी हैं। अनमोल गगन मान का पंजाबी गायिका से मंत्री तक का सफर काफी दिलचस्प है। मान ने पार्टी का कैंपेन गीत भी तैयार किया था। उन्होंने साल 2020 में आप ज्वाइन की थी जबकि 2022 के विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी रणजीत सिंह गिल को करीब 37718 वोटों से मात दिया था। 2022 विधानसभा चुनाव में जीतने वालीं वह सबसे युवा नेताओं में से एक हैं।

मान के इस्तीफे पर कांग्रेस ने आप पर कसा तंज

दरअसल, अनमोल गगन मान के इस्तीफे पर कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने प्रतिक्रिया दी है। खैरा ने एक्स पर लिखा-अनमोल गगन मान का राजनीति छोड़ने का फैसला अरविंद केजरीवाल के पूर्ण विश्वासघात को दर्शाता है। मान आम आदमी पार्टी की इस्तेमाल करो फेंक दो वाली गंदी राजनीति की पहली शिकार नहीं हैं, बल्कि प्रशांत भूषण से लेकर गुरप्रीत घुग्गी तक लंबी सूची है। भगवंत मान सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं।

Next Story