
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- श्रद्धा कपूर की अगली...
श्रद्धा कपूर की अगली फिल्म ‘ईथा’ का पुणे में शेड्यूल हुआ पूरा! जानें कब रिलीज होगी फिल्म

मुंबई। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। अब श्रद्धा ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईथा’ के पुणे शेड्यूल की शूटिंग पूरी कर ली है। ईथा महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावनी और तमाशा डांसर विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है।
वहीं ‘ईथा’ के पुणे शेड्यूल की शूटिंग पूरी होने पर सेट पर केक काटकर जश्न मनाया गया। इसमें फिल्म की कास्ट और क्रू शामिल हुए। इसमें अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा से लेकर फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर और प्रोडक्शन टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।
अब केक काटने के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस दौरान श्रद्धा और रणदीप काफी खुश नजर आ रहे हैं। इससे पहले फिल्म ने अपना मुंबई शेड्यूल पूरा किया था, जहां शूटिंग जनवरी के अंत से फरवरी तक चली थी।
लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित ‘ईथा’ अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चाओं में बनी हुई है। फिल्म में श्रद्धा कपूर को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। क्योंकि पहली बार श्रद्धा इस तरह के किरदार में नजर आएंगे, जहां वो मराठी मुलगी के तौर पर दिखाई देंगी। हालांकि फिल्म की कास्ट और कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म के इसी साल रिलीज होने की उम्मीद है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘स्त्री 2’ में नजर आई थीं। उसके बाद से वो बड़े पर्दे से दूर हैं। हालांकि उनकी आगामी फिल्मों में ‘नागिन’ के होने की भी चर्चाएं हैं। वहीं रणदीप हुड्डा आखिरी बार पिछले साल रिलीज हुई सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ में नजर आए थे। उन्होंने फिल्म में विलेन की भूमिका निभाई थी।




