Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

गुरु जी यदि फेल हुई तो घरवाले शादी करा देंगे...यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपी में छात्राओं ने की अजीबोगरीब अपील

Aryan
24 March 2026 2:10 PM IST
गुरु जी यदि फेल हुई तो घरवाले शादी करा देंगे...यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपी में छात्राओं ने की अजीबोगरीब अपील
x
शिक्षकों ने कहा कि हर साल इस तरह की अपीलें देखने को मिलती हैं, लेकिन इस बार छात्रों ने अपनी निजी जिंदगी और शादी टूटने जैसे विषयों को भी उत्तर पुस्तिकाओं में शामिल कर लिया है

लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा है। इसी कड़ी में बरेली जिले के मूल्यांकन केंद्र पर शिक्षकों को छात्रों ने अजीबोगरीब अनुरोध किया है, जिसे पढ़कर शिक्षक भी हैरान हो रहे हैं। दरअसल कॉपियों में सवालों के जवाबों की जगह कुछ विद्यार्थियों ने अपनी पारिवारिक मजबूरियां, धार्मिक आस्था और निजी जीवन की समस्याओं को लिख दिया है।

माता-पिता अक्सर बीमार रहते हैं

दरअसल मूल्यांकन के दौरान एक मामला तब सामने आया जब इंटर के एक छात्र ने अपनी कॉपी में गुहार लगाते हुए लिखा कि गुरु जी, मुझे पास कर दो प्लीज। छात्र ने अपनी मजबूरी बताते हुए लिखा कि उसके माता-पिता अक्सर बीमार रहते हैं। सुबह-शाम उनकी सेवा करने के साथ ही घर के अन्य कामों की जिम्मेदारी भी उसी पर है। इस वजह से वह पढ़ाई के लिए समय नहीं निकाल पाया। उसने आगे लिखा कि यदि वह फेल हो गया तो उसके बीमार माता-पिता को गहरा सदमा लगेगा, इसलिए उसे पास करना बहुत जरूरी है।

छात्राओं ने भी किया अनुरोध

इसी तरह का मामला छात्राओं का भी नजर आ रहा है। छात्राओं ने भी निजी परेशानियों का जिक्र कर परीक्षकों के दिल को पिघलाने की कोशिश की। एक छात्रा ने अपनी उत्तर पुस्तिका में लिखा कि उसके घरवाले उसकी शादी कराना चाह रहे हैं। परिवार वालो ने उसे अल्टीमेटम दिया है कि यदि वह इंटर में फेल हुई, तो उसकी पढ़ाई छुड़वा दी जाएगी। वहीं कुछ छात्रों ने तो यहां तक लिख दिया कि यदि वे फेल हुए तो किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे।

गौरतलब है कि शिक्षकों ने कहा कि हर साल इस तरह की अपीलें देखने को मिलती हैं, लेकिन इस बार छात्रों ने अपनी निजी जिंदगी और शादी टूटने जैसे विषयों को भी उत्तर पुस्तिकाओं में शामिल कर लिया है।


Next Story