
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- पटना से दिल्ली तक SIR...
पटना से दिल्ली तक SIR का मुद्दा गर्म! विपक्षी संसदों ने निकाला मार्च, लोकसभा 2 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली। आज संसद के मानसून सत्र का पांचवां दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष SIR के मुद्दे पर जोरदार हंगामा कर रहे हैं। बिहार की वोटर लिस्ट को लेकर सियासी पारा हाई है। बिहार तक ही नहीं बल्कि दिल्ली में भी इस मुद्दे पर घमासान मचा हुआ है। संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों और एसआईआर को लेकर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।
मार्च में कई दिग्गज नेता शामिल हुए
बता दें कि आज कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने इस मुद्दे पर संसद में मार्च निकाला, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए। मार्च के दौरान नेताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए।
लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का लगाया आरोप
इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें आरोपों का जवाब देना चाहिए। वो मतदाता सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध क्यों नहीं करा रहे हैं? इसमें पारदर्शिता होनी चाहिए। यह लोकतंत्र है और सभी राजनीतिक दलों को उस जानकारी तक पहुंच होनी चाहिए। यह जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है? कांग्रेस ने बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
विपक्षी दलों का धरना-प्रदर्शन जारी
बता दें कि इस मुद्दे पर सरकार अब तक संसद में खुलकर जवाब देने से बचती नजर आ रही है। विपक्ष की मांग है कि एसआईआर रिपोर्ट और बिहार की मतदाता सूची से जुड़ी पारदर्शिता के विषय पर संसद में विशेष चर्चा हो। वहीं सरकार इसे राजनीतिक शिगूफा करार दे रही है। बिहार की राजधानी पटना में भी इस मुद्दे पर विपक्षी दलों का धरना-प्रदर्शन जारी है। आरजेडी, कांग्रेस और वामपंथी दलों ने राज्य चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर मतदाता सूची में हेरफेर के आरोप लगाए हैं।
राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
हालांकि स्पीकर ओम बिरला सांसदों के व्यवहार को लेकर नाराजगी प्रकट करते हुए चेतावनी भी दे चुके हैं, लेकिन विपक्षी दलों के सांसद अपनी मांग पर अड़े हैं। दरअसल, आज सदन की कार्यवाही शुरू होने पर राज्यसभा में नए सदस्यों को शपथ दिलाई गई। हालांकि, नारेबाजी और शोरगुल के कारण कार्यवाही में व्यवधान पड़ा और दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी।