
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बिहार में लगे 'जय...
बिहार में लगे 'जय निशांत, तय निशांत' के नारे ...JDU निशांत को सीएम बनाने के फेवर में, 10 अप्रैल को लगेगा आइडिया

पटना। बिहार में नए सीएम के चेहरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद से ही नए मुख्यमंत्री पर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच खबर तो यह भी रही है कि 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हो सकता है। उससे पहले इसको लेकर 10 अप्रैल को बीजेपी की अहम बैठक होने वाली है। जिसकी अध्यक्षता नीतीन नबीन करने वाले हैं।
पिता-पुत्र की तस्वीरों को कलात्मक ढंग से किया प्रस्तुत
इसी बीच जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार का एक पोस्टर चर्चा में आ गया है, जिसे उन्होंने अपने सरकारी आवास के बाहर लगाया है। पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके बेटे निशांत कुमार की तस्वीर लगाई गई है। इसमें लिखा है कि मजबूत विरासत, भविष्य दमदार, निशांत कुमार हैं तैयार। पोस्टर की खास बात यह है कि दोनों नामों के शुरुआती अक्षर 'NI' को प्रमुखता से दर्शाया गया है और पिता-पुत्र की तस्वीरों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
नीरज कुमार ने बताया, पोस्टर का संदेश
पोस्टर को लेकर सवाल पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि दोनों के नाम में 'एनआई' समान है और यह विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में निशांत कुमार को लेकर सकारात्मक माहौल है और 'जय निशांत, तय निशांत' जैसे नारे भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि 'तीर' (जदयू का चुनाव चिह्न) बिहार की तकदीर बदल चुका है और अब इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को मिल रही है।
सीएम चेहरे पर अभी भी सस्पेंस
नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा और संगठन या सरकार में किसकी क्या भूमिका होगी, इसका अंतिम निर्णय एनडीए के शीर्ष नेतृत्व और सहयोगी दल मिलकर करेंगे। फिलहाल इस पोस्टर ने बिहार की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे दिया है और संभावित नेतृत्व को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।




