Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, न्यूयॉर्क समेत कई राज्यों में आपातकाल घोषित, 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द

Aryan
24 Feb 2026 11:47 AM IST
अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, न्यूयॉर्क समेत कई राज्यों में आपातकाल घोषित, 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द
x
पूर्वी तट पर 5,70,000 से ज्यादा घरों की बिजली गुल हो गई है। मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी में स्थिति सबसे खराब है

नई दिल्ली। अमेरिका के उत्तरपूर्वी हिस्से में भयंकर बर्फीले तूफान ने तबाही मचा दी है। मैरीलैंड से लेकर मेन तक के इलाके बर्फ की चादर में लिपट गए हैं। इस भीषण मौसम की वजह से शनिवार से मंगलवार के बीच 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। बीते कल यानी सोमवार को 5,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और आज यानी मंगलवार को 1,300 से अधिक उड़ानों को पहले ही रद्द कर दिया गया है। जिससे हजारों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पर रहा है। जानकारी के मुताबिक, न्यूयॉर्क के जेएफके, लागुआर्डिया और बोस्टन के लोगान एयरपोर्ट सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने दी जानकारी

मौसम वैज्ञानिकों ने इसे एक दशक का सबसे भयंकर तूफान बताया है, जिसे 'बम चक्रवात' कहा जा रहा है। 'बम चक्रवात तब आता है जब 24 घंटे की अवधि में तूफान का दबाव एक निश्चित मात्रा में गिर जाता है। यह खासकर से शरद ऋतु और सर्दियों में होता है जब आर्कटिक की बर्फीली हवा दक्षिण तक पहुंचकर गर्म तापमान से टकराती है।

कई राज्यों में किया गया आपातकाल घोषित

कई इलाकों में दो फीट मतलब 60 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी हुई है। रोड आइलैंड के वारविक में तो तीन फीट से अधिक बर्फ गिरी है। तेज हवाओं और भारी बर्फबारी के कारण न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स समेत कई राज्यों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

सुरक्षा परिषद की बैठक हुई स्थगित

तूफान का असर इतना तेज है कि संयुक्त राष्ट्र को अपनी सुरक्षा परिषद की बैठक स्थगित करनी पड़ी। यहां तक कि मुख्यालय भी बंद करना पड़ा। न्यूयॉर्क शहर में छह साल में पहली बार बर्फबारी के कारण स्कूल बंद किए गए। हालांकि, मेयर जोहरान ममदानी ने आज यानी मंगलवार से स्कूल खोलने की बात कही है, लेकिन कुछ अधिकारियों ने इसका विरोध किया है।

परिवहन व्यवस्था चरमराई

परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रेल और बस सेवाएं निलंबित हैं। सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण यात्रा करना बेहद खतरनाक हो गया है। प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है। डोरडैश जैसी डिलीवरी सेवाओं ने भी अपना काम रोक दिया है।

बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह हुआ प्रभावित

तूफान की वजह से बिजली व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ा है। पावरआउटेज डॉट यूएस के मुताबिक, पूर्वी तट पर 5,70,000 से ज्यादा घरों और व्यवसायों की बिजली गुल हो गई है। मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी में स्थिति सबसे खराब है। तेज हवाओं के कारण बिजली बहाल करने में कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ लोग इस मौसम का आनंद भी ले रहे हैं। टाइम्स स्क्वायर पर पर्यटक नाचते हुए दिखे, तो कुछ लोग स्लेजिंग का मजा लेते नजर आए। लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खतरा अभी टला नहीं है। एक अन्य तूफान भी इस सप्ताह के अंत में आ सकता है, जिससे हालात अधिक बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने नेशनल गार्ड को तैनात कर दिया है एवं राहत बचाव का कार्य जारी हैं।


Next Story