Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

तमिलनाडु में विजय की रैली में भगदड़, 20 लोगों की मौत, कई बेहोश

DeskNoida
27 Sept 2025 9:24 PM IST
तमिलनाडु में विजय की रैली में भगदड़, 20 लोगों की मौत, कई बेहोश
x
मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल और बेहोश हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से नेता बने विजय की रैली के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भीड़ के दबाव और अफरातफरी में भगदड़ मच गई, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल और बेहोश हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रैली का आयोजन विजय की राजनीतिक पार्टी टीवीके (तमिलगा वेट्ट्री कज़गम) द्वारा नामक्कल में किया गया था। मौके पर मौजूद हजारों लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि हालात नियंत्रण से बाहर हो गए। जैसे ही लोग बेहोश होकर गिरने लगे, विजय ने अपना भाषण रोक दिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को तुरंत घायलों की मदद करने और एंबुलेंस तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

अफरा-तफरी के बीच लाठीचार्ज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में अचानक एक बच्ची के लापता होने की खबर फैलने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भगदड़ और तेज हो गई। मौके पर मौजूद लोग सांस लेने में तकलीफ के चलते बेहोश होते गए।

सीएम स्टालिन ने जताई चिंता

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि करूर अस्पताल से आ रही खबरें बेहद चिंताजनक हैं। स्टालिन ने अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम, मंत्री सेंथिल बालाजी, जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इस घटना को लेकर बातचीत की। साथ ही मंत्री अनबिल महेश को पास के तिरुचिरापल्ली से तुरंत सहायता भेजने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे राहत और चिकित्सा कार्य में लगे कर्मचारियों और पुलिस की मदद करें।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्टालिन रविवार को करूर का दौरा कर सकते हैं।

Next Story