Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

अजीबोगरीब: 52 साल तक पेट में टूथब्रश लेकर जिया यह शख्स, डॉक्टर भी रह गए हैरान

Shilpi Narayan
27 Jun 2025 2:12 PM IST
अजीबोगरीब: 52 साल तक पेट में टूथब्रश लेकर जिया यह शख्स, डॉक्टर भी रह गए हैरान
x

नई दिल्ली। (शुभांगी ): चीन में हाल ही में एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों और सोशल मीडिया दोनों को हैरानी में डाल दिया है। एक 64 वर्षीय व्यक्ति, जिसका नाम Mr. Yang बताया गया है, पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा। लेकिन जब डॉक्टरों ने उसकी जांच की, तो पता चला कि उसके छोटी आंत में पिछले 52 सालों से एक टूथब्रश फंसा हुआ था।

Yang ने बताया कि जब वह सिर्फ 12 साल का था, तब गलती से ब्रश निगल गया था। लेकिन डर के कारण उसने यह बात अपने माता-पिता को नहीं बताई। उसे लगा कि ब्रश अपने आप शरीर से बाहर निकल जाएगा, इसलिए वह हमेशा की तरह अपनी जिंदगी जीता रहा।

सर्जरी के दौरान हुआ खुलासा

डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें यह टूथब्रश एक सामान्य डाइजेस्टिव सिस्टम चेकअप के दौरान दिखाई दिया। यह ब्रश करीब 17 सेंटीमीटर लंबा था और आंत में इस तरह फंसा हुआ था कि वह वर्षों से हिला भी नहीं था। फिर डॉक्टरों ने एंडोस्कोपिक सर्जरी के ज़रिए इस ब्रश को बाहर निकाला। इस प्रक्रिया में 80 मिनट का समय लगा।

जानलेवा भी हो सकता था यह मामला

चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक, आंत में अगर कोई धारदार या ठोस वस्तु लंबे समय तक फंसी रहे, तो वह टिशू को फाड़ सकती है जिससे इंफेक्शन या इंटरनल ब्लीडिंग हो सकती है, जो कभी-कभी जानलेवा भी साबित होती है। लेकिन यंग का केस बेहद अनोखा था क्योंकि टूथब्रश एक संकरी जगह पर अटक गया था और दशकों तक हिला ही नहीं, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं: “पचास साल तक टूथब्रश लेकर घूमता रहा!”

इस घटना की खबर जैसे ही वायरल हुई, सोशल मीडिया पर लोग हैरानी और मजाक दोनों के मिश्रण से प्रतिक्रिया देने लगे। किसी ने लिखा, “कैसे कोई इंसान 50 साल तक पेट में ब्रश लेकर जिंदा रह सकता है?” तो किसी ने मजाक किया, “अगर यह बात उसके पेरेंट्स को तब पता चलती, तो उसे बहुत मार पड़ती।”

ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं

यह पहला मामला नहीं है जब चीन में किसी के शरीर से टूथब्रश निकाला गया हो। 2019 में गुआंगडोंग प्रांत के एक अस्पताल में 51 साल के एक व्यक्ति के पेट से 14 सेंटीमीटर लंबा टूथब्रश निकाला गया था। उस व्यक्ति ने डॉक्टरों को बताया कि उसने 20 साल पहले आत्महत्या की कोशिश में ब्रश निगला था, जब उसे HIV संक्रमण हुआ था।

डॉक्टरों की सलाह: ऐसी चीज़ों को हल्के में न लें

विशेषज्ञों ने बताया कि अगर कोई भी ऐसी वस्तु शरीर के अंदर गलती से चली जाए, तो उसे नजरअंदाज न करें। तुरंत जांच और इलाज कराना बेहद जरूरी है, वरना छोटी सी गलती लंबे समय तक गंभीर परिणाम दे सकती है, जैसे इस केस में हुआ।

Next Story