Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

लैंडस्लाइड से दहला सूडान, प्राकृतिक आपदा में 1,000 लोगों की मौत, पूरा गांव तबाह, केवल 1 शख्स जिंदा

Shilpi Narayan
2 Sept 2025 1:44 PM IST
लैंडस्लाइड से दहला सूडान, प्राकृतिक आपदा में 1,000 लोगों की मौत, पूरा गांव तबाह, केवल 1 शख्स जिंदा
x

नई दिल्ली। अफ्रीकी देश सूडान से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, सूडान के पश्चिमी क्षेत्र दारफुर में भीषण भूस्खलन यानी लैंडस्लाइड की घटना हुई है। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 1,000 लोगों की मौत हो गई है। इस आपदा के कारण एक गांव पूरी तरह तबाह हो गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरी आपदा में केवल 1 शख्स जिंदा बचा है। सूडान में विद्रोही समूह ने इस बात की जानकारी दी है।

लैंडस्लाइड के कारण गांव के सभी लोगों की मौत

बता दें कि ये घटना सूडान में हाल के समय की सबसे भयानक प्राकृतिक आपदा बताई जा रही है। लैंडस्लाइड की ये आपदा दारफुर के मर्रा पर्वतों में स्थित तरासिन गांव में हुई है। लैंडस्लाइड के कारण गांव के सभी लोगों की मौत हो गई। सिर्फ एक शख्स इस पूरी घटना में जिंदा बच पाया है। इस क्षेत्र का कंट्रोल रखने वाले विद्रोही समूह सूडान लिबरेशन मूवमेंट-आर्मी ने सोमवार को देर रात इस घटना के बारे में जानकारी दी है। दरअसल, सूडान लिबरेशन मूवमेंट-आर्मी का कहना है कि अगस्त के अंत में कई दिनों की भारी बारिश के बाद रविवार 31 अगस्त को मध्य दारफुर के मर्रा पर्वतों में स्थित तरासिन गांव में भीषण लैंडस्लाइड हुआ। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार, मृतकों की संख्या हजार से ज्यादा है।

संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय सहायता समूहों से अपील की

वहीं विद्रोही समूह द्वारा आई जानकारी के अनुसार, सूडान के दारफूर के गांव में हुए लैंडस्लाइड के बाद गांव पूरी तरह से जमींदोज हो गया है। शवों को बरामद करने में मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय सहायता समूहों से अपील की गई है। वहीं सूडान में ये आपदा ऐसे समय में आई है जब देश में भयानक गृहयुद्ध छिड़ा हुआ है।

Next Story