
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Sudan: सूडान गृहयुद्ध!...
Sudan: सूडान गृहयुद्ध! मस्जिद पर किया ड्रोन हमला, 70 लोगों की मौत, इस संगठन पर लगे हमले के आरोप

नई दिल्ली। सूडान के उत्तर दारफुर की राजधानी अल फशर में एक मस्जिद पर हुए ड्रोन हमले में 70 नमाजी मारे गए। हमले के बाद मस्जिद पूरी तरह ढह गई है। स्थानीय राहत समूहों ने जानकारी देते हुए बताया कि कई शव मलबे में दबे हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, हालांकि वीडियो की पुष्टि नहीं हो पाई है।
RSF पर लगे हमले के आरोप
जानकारी के मुताबिक इस पूरे हमले का आरोप अर्धसैनिक संगठन रैपिड सपोर्ट फोर्सेस (RSF) पर लगाया गया है। सूडानी सेना का कहना है कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना इस विद्रोही मिलिशिया की पहचान है। इसी सप्ताह आरएसएफ ने अल-फशर में 18 लोगों की हत्या और 14 अन्य को अगवा किया था, जिनमें तीन लड़कियां भी शामिल थीं।
40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके
बता दें कि सूडान में अप्रैल 2023 से गृहयुद्ध जारी है, जब सेना और आरएसएफ के बीच सत्ता संघर्ष शुरू हुआ। इस लड़ाई ने देश को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और लगभग 1.2 करोड़ लोग विस्थापित हो चुके हैं। अल-फशर सूडानी सेना का दारफुर में अंतिम ठिकाना है और पिछले एक साल से संघर्ष का केंद्र बना हुआ है। जब से यहां के हालात बिगड़े हुए है।
अंतराष्ट्रीय स्तर पर चिंता
जानकारी के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय सूडान की इस स्थिति को लेकर चिंतित है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय के प्रतिनिधि ली फंग ने इस संघर्ष की आलोचना करते हुए कहा था कि अल-फाशेर की स्थिति तेजी से बिगड़ रही है। लोग भोजन, पानी और दवाओं की कमी से जूझ रहे हैं। यहां फंसे नागरिकों के पास कोई सुरक्षित रास्ता नहीं है।