
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- जिम्बाब्वे के साथ मैच...
जिम्बाब्वे के साथ मैच से पहले सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया को दी यह सलाह! कहा-अपने अहंकार का त्याग करना चाहिए...

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भारत और जिम्बाब्वे मैच से पहले बड़ा बयान दिया है। दरअसल, उनका मानना है कि भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी-20 विश्व कप के मैच से सबक लेकर अपने अहंकार का त्याग करना चाहिए और अति आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरकर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर भेजने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खेलना चाहिए।
टी-20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता
दरअसल, गावस्कर ने एक इंटरव्यू में कहा कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका से कोई सबक नहीं लिया। भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर उतर कर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। टी-20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 में वापस लेने के बारे में सोचूंगा। खास जिम्बाब्वे की टीम में ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाज न होने को ध्यान में रखते हुए। आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह ला सकते हैं। अर्शदीप ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी और आप ऐसे खिलाड़ी को बदलना नहीं चाहेंगे जो इतनी अच्छी लय में हो। तो शायद टीम कोई बदलाव न करें और उसी टीम के साथ जाए।
भारत का सामना जिम्बाब्वे से 26 फरवरी को होना है
बता दें कि भारतीय टीम ने अभी तक टी20 विश्व कप में कुल 5 मैच खेले हैं, जिसमें से 4 मैच ग्रुप स्टेज के रहे जबकि एक मैच सुपर-8 स्टेज का रहा। ग्रुप-स्टेज में अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स पर भारत ने जीत हासिल की, लेकिन सुपर-8 में अपने पहले मैच में उन्हें साउथ अफ्रीका से 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। अब भारत का सामना जिम्बाब्वे से 26 फरवरी को होना है, जिसमें जीत हासिल करना टीम के लिए बेहद जरूरी होगा।




