
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- T20 World Cup 2026:...
T20 World Cup 2026: क्या भारत-पाकिस्तान में फिर होगी भिड़ंत? जानें क्या है समीकरण

नई दिल्ली। T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच लीग स्टेज का मुकाबला 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा चुका है, जिसमें भारत ने 61 रनों से जीत दर्ज की। डिफेंडिंग चैंपियन ने इस जीत के साथ सुपर-8 के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां पर अब उन्हें और भी बेहतर प्रदर्शन दिखाना होगा। अभी टीम इंडिया को ग्रुप स्टेज में एक मुकाबला और खेलना है, जो 18 फरवरी को नीदरलैंड्स की टीम के खिलाफ होगा। इसके बाद भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी के दिन खेलने उतरेगी। वहीं अभी टीम इंडिया की पाकिस्तान से इस टी20 वर्ल्ड कप में एकबार फिर से भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
दोबारा भिड़ंत के समीकरण
टूर्नामेंट के फॉर्मेट और मौजूदा स्थिति के अनुसार, भारत और पाकिस्तान अब केवल नॉकआउट चरण में ही एक-दूसरे का सामना कर सकते हैं:
सेमीफाइनल में भिड़ंत
टीम इंडिया के फॉर्म को देखते हुए सुपर-8 में होने वाले मुकाबलों में उन्हें विपक्षी टीमों द्वारा रोक पाना आसान काम नहीं रहने वाला है। ऐसे में भारतीय टीम यदि सुपर-8 में X ग्रुप में टॉप पर रहती है तो उन्हें अपना सेमीफाइनल मैच Y ग्रुप में दूसरे नंबर की टीम से खेलना होगा और अगर पाकिस्तान वहां पर होती है तो उनसे सामना होगा। वहीं यदि टीम इंडिया X ग्रुप में दूसरे नंबर पर खत्म करती है तो उसे Y ग्रुप की पहले नंबर की टीम के साथ सेमीफाइनल मैच खेलना होगा और यदि यहां पाकिस्तान की टीम रही तो उनसे सामना होगा।
फाइनल में भिड़ंत
यदि दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल मैच जीत लेती हैं, तो 8 मार्च 2026 को फाइनल में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला देखने को मिल सकता है।
सुपर-8 में क्यों नहीं?
आईसीसी की तरफ से जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान किया गया था, तो उसमें सभी 20 टीमों को अलग-अलग चार ग्रुपों A, B, C, D में बांटा गया था। इसके बाद हर ग्रुप में टॉप-2 में रहने वाली टीमों को सुपर-8 में जगह में मिलेगी जिनको चार-चार के ग्रुप X और Y में बांटा गया है, जिसमें ये पहले से तय कर दिया गया है कि किसे किस ग्रुप में जगह मिलेगी। भारतीय टीम जहां X ग्रुप का हिस्सा बनेगी तो वहीं पाकिस्तान को सुपर-8 में Y ग्रुप में रखा गया है, ऐसे में दोनों ही टीमों का आमना-सामना यहां तो बिल्कुल भी नहीं होगा।
वर्तमान स्थिति
भारत
पाकिस्तान को हराकर भारत ने सुपर-8 के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
पाकिस्तान
पाकिस्तान के लिए आगे की राह कठिन है। उन्हें सुपर-8 की रेस में बने रहने के लिए अपने आगामी मैचों (जैसे नामीबिया के खिलाफ) में जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान अगर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाता है, तो इस वर्ल्ड कप में दोबारा भारत-पाकिस्तान मैच होने की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।




