
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नाप लेते समय टेलर ने...
नाप लेते समय टेलर ने युवती से की अश्लील हरकत… लोगों ने किया हंगामा

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। दरअसल शादी के कपड़ों का नाप देने गई युवती ने एक टेलर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस घटना की वजह से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है।
कपड़ों की सिलाई कराने गई थी टेलर के पास
जानकारी के अनुसार, युवती अपनी शादी के लिए कपड़ों की सिलाई कराने एक टेलर की दुकान पर गई थी। परिजनों ने कहा कि नाप लेने के दौरान दुकानदार ने उसके शारीरिक बनावट और कपड़ों की फिटिंग को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे युवती घबरा कर असहज हो गई। फिर घर आकर उसने परिजनों को पूरी बात बताई।
परिवार की महिलाएं पहुंची दुकान
घटना की जानकारी मिलने पर परिवार की महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और दुकानदार से सवाल- जवाब किया। इस दौरान महिलाओं और दुकानदार में बहस हो गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाओं को दुकानदार को फटकार लगा रही हैं।
विहिप ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
वहीं इस घटना के बाद स्थानीय संगठनों और विश्व हिंदू परिषद ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विहिप का कहना है कि महिलाओं के साथ इस तरह का अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बाजार क्षेत्र में जुट गए और विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने दुकान संचालक को दुकान खाली करने का अल्टीमेटम भी दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं।




