Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

तेजस्वी यादव ने किया ऐलान- बिहार में महागठबंधन निकालेगा यात्रा... राहुल गांधी भी होंगे शामिल

Aryan
30 July 2025 5:56 PM IST
तेजस्वी यादव ने किया ऐलान- बिहार में महागठबंधन निकालेगा यात्रा... राहुल गांधी भी होंगे शामिल
x
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी लोग मिलकर जनता की लड़ाई लड़ेंगे

पटना। महागठबंधन ने बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी तैयारी की है। महागठबंधन पूरे बिहार में यात्रा निकलेगा। यह यात्रा रक्षाबंधन के बाद सभी प्रमंडलों में होते हुए निकाली जाएगी। तेजस्वी यादव ने कहा, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए महागठबंधन ने इस यात्रा को निकालने का फैसला लिया है।

तेजस्वी यादव ने कहा

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यात्रा की जानकारी दी। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों से सीधे संवाद करना है। साथ ही इस यात्रा के जरिए राज्य सरकार की नाकामियों को भी जनता के सामने उजागर किया जाएगा। आगे तेजस्वी ने कहा कि इस यात्रा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। तेजस्वी ने राज्य सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कैग की रिपोर्ट के अनुसार सरकार ने जिस प्रकार से 70 हजार करोड़ रुपये का हिसाब नहीं दिया है, ये चिंता का विषय है।

सीएम होश में नहीं, कानून व्यवस्था खत्म हो गई है

आरजेडी नेता तेजस्वी ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। अपराधी के द्वारा सरकार चल रही है। सीएम होश में नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा कि जल्द ही इस यात्रा के रूट और तारीख के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि अगस्त का महीना जनता के अधिकारों की लड़ाई का महीना होगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी लोग मिलकर जनता की लड़ाई लड़ेंगे और यात्रा के माध्यम से पूरे बिहार में जनता के सामने अपनी बात रखेंगे। लगातार संवाद किया जा रहा है। महागठबंधन ने तय किया है कि अगस्त से हम यात्रा को निकलेंगे। जगह-जगह पर लोगों से संवाद भी किए जाएगें।

तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए एक पोस्ट भी किया है। उन्होंने कहा कि मैंने 17 महीने स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू दी थी, जो अंतिम स्टेज में थी। लेकिन तब तक सरकार और मुख्यमंत्री आदतन पलटी मार गए। ये निकम्मी एनडीए सरकार उस पर भी दो साल से कुंडली मार कर बैठी रही। अब आखिरकार इन्हें आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की हमारी इस मांग के सामने भी झुकना ही पड़ा।

तेजस्वी ने इसी पोस्ट में आगे कहा, यहां सरकार ने चालाकी करते हुए हमारी इस मांग को पूर्णरूपेण लागू नहीं किया। इनको प्रोत्साहन राशि नहीं बल्कि मानदेय मिलना चाहिए। हम इन्हें मानदेय देंगे। अब इस सरकार को आंगनवाड़ी सेविक,सहायिका और रसोइयां के मानदेय में भी बढ़ोतरी करने की हमारी मांग को भी मजबूरन मानना ही पड़ेगा। हमारी मांगो,घोषणाओं,वादों को देखकर इस नकलची,थकी-हारी विजन रहित सरकार का डर देखकर अच्छा लगता है। ये डर अच्छा है लेकिन 20 साल तक क्या ये मूंगफली छील रहे थे।


Next Story